उत्तर प्रदेश के शामली में प्रेम संबंध से जुड़ा एक मामला चर्चा का विषय बन गया है। प्रेमी की दूसरी शादी की तैयारियों की जानकारी मिलने पर युवती ढोल-नगाड़े बजवाते हुए बारात लेकर उसके घर पहुंच गई। हाथों में वरमाला और साथ में परिजनों को लेकर पहुंची युवती ने प्रेमी के घर के बाहर शादी की मांग की। अचानक इस तरह युवती को दरवाजे पर देखकर प्रेमी के परिजन हैरान रह गए।
शादी की तैयारियों के बीच ढोल-नगाड़ों की आवाज सुनकर पड़ोसी भी बाहर निकल आए। मौके पर युवती और उसके परिजनों को देखकर चर्चाएं शुरू हो गईं। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। मामला शामली के कस्बा एलम का है। सूचना मिलने पर पुलिस युवती और उसके परिजनों को चौकी ले गई।
क्या है पूरा मामला?
देहरादून के सहारनपुर चौक निवासी सोनिया का दावा है कि कस्बा एलम निवासी अंकुश के साथ उसके करीब दस साल से प्रेम संबंध हैं। सोनिया के मुताबिक, वर्ष 2016 में दोनों की बातचीत शुरू हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। युवती का आरोप है कि अंकुश ने उससे शादी करने का वादा किया था। दोनों के बीच वर्ष 2019 तक बातचीत होती रही, लेकिन इसके बाद अंकुश ने दूरी बना ली और मोबाइल नंबर बदल लिया।
शादी का भरोसा देकर फिर बनाई दूरी
सोनिया ने बताया कि संपर्क टूटने के बाद वह परेशान रही और वर्ष 2016 में देहरादून के एक थाने में अंकुश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि मुकदमे के बाद अंकुश उसके घर पहुंचा और शादी का भरोसा दिया। हालांकि, कुछ समय बाद उसने फिर बातचीत बंद कर दी। इसके बावजूद सोनिया शादी का इंतजार करती रही।
दूसरी शादी की खबर मिलते ही पहुंची एलम
सोनिया का कहना है कि इसी बीच उसे जानकारी मिली कि अंकुश किसी दूसरी युवती से शादी करने जा रहा है। 21 नवंबर को उसकी बारात दिल्ली जाने की बात सामने आई। यह जानकारी मिलने पर सोनिया अपने परिजनों के साथ देहरादून से एलम पहुंच गई। वह ढोल-नगाड़े और वरमाला लेकर अंकुश के घर पहुंची और शादी की मांग करने लगी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा
सोनिया के साथ उसकी मां उषा और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे। प्रेमी के घर के बाहर शादी की जिद को लेकर दोनों पक्षों में काफी देर तक बहस हुई। हंगामा बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति शांत कराने का प्रयास किया। बाद में सोनिया और उसके परिजनों को चौकी ले जाया गया।
बीएससी पास है सोनिया
सोनिया के मुताबिक, वह बीएससी पास है, जबकि अंकुश मर्चेंट नेवी में नौकरी करता है। युवती का कहना है कि वह वर्ष 2016 से चले आ रहे रिश्ते को शादी तक पहुंचाने के लिए एलम आई है। फिलहाल, अंकुश की शादी की तैयारियों के बीच प्रेमिका के ढोल-नगाड़े लेकर पहुंचने का मामला कस्बे में चर्चा का विषय बना हुआ है। देर रात तक पुलिस दोनों पक्षों से जानकारी जुटाती रही।













