केंद्रीय गृह मंत्रालय के साइबर अपराध विरोधी विंग ने WhatsApp Web इस्तेमाल करने वाले लोगों को सुरक्षा संबंधी चेतावनी जारी की है। मंत्रालय के अंतर्गत इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) की नेशनल साइबरक्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट ने अपनी एडवाइजरी में बताया है कि सार्वजनिक या साझा कंप्यूटर पर WhatsApp Web का सेशन खुला छोड़ना साइबर अपराधियों के लिए खतरा पैदा कर सकता है।
एडवाइजरी के अनुसार, यदि किसी कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगइन है और यूजर लॉगआउट किए बिना वहां से चला जाता है, तो कोई अन्य व्यक्ति उसके संदेशों, संपर्कों और ग्रुप चैट तक पहुंच सकता है। इस तरह अनधिकृत व्यक्ति यूजर की पहचान का इस्तेमाल कर संदेश भेजने, धोखाधड़ी करने, फिशिंग या अन्य साइबर अपराधों को अंजाम दे सकता है।
ऑफिस और सार्वजनिक कंप्यूटर पर इस्तेमाल से बचें
I4C ने सलाह दी है कि ऑफिस, सार्वजनिक, साझा या ऐसे कंप्यूटरों पर WhatsApp Web का इस्तेमाल सावधानी से किया जाए, जिन्हें दूसरे लोग भी इस्तेमाल करते हैं। सरकारी, संगठनात्मक, वित्तीय, गोपनीय और अन्य संवेदनशील जानकारियों का आदान-प्रदान WhatsApp Web के जरिए करने से बचने को कहा गया है।
एडवाइजरी में यह भी स्पष्ट किया गया है कि केवल ब्राउजर की विंडो या टैब बंद करने से WhatsApp Web का लॉगइन सेशन समाप्त नहीं होता। इसलिए इस्तेमाल के बाद अकाउंट से मैन्युअल रूप से लॉगआउट करना जरूरी है।
साइबर कैफे और अनजान सिस्टम से रहें दूर
यूजर्स को साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क, होटल बिजनेस सेंटर और उधार लिए गए कंप्यूटरों पर WhatsApp Web लॉगइन करने से बचने की सलाह दी गई है। यदि कंप्यूटर पर इसका इस्तेमाल जरूरी हो, तो प्राइवेट या इनकॉग्निटो ब्राउजिंग मोड का उपयोग किया जा सकता है।
एजेंसी ने अकाउंट से भेजे गए अनजान संदेशों, संपर्कों के असामान्य जवाब और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को भी कहा है। साथ ही, डिवाइस, ऑपरेटिंग सिस्टम और ब्राउजर अपडेट रखने, संदिग्ध डाउनलोड, अनजान फाइलों तथा क्रैक सॉफ्टवेयर से बचने पर जोर दिया है।













