भारत में खाने-पीने की वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। दाल, चावल और चीनी की कीमतों में हो रहे इजाफे से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। इसी बीच सरकार घरेलू बाजार में चावल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए निर्यात नीति में बदलाव करने पर विचार कर रही है।
भारत सरकार चावल की कुछ खास किस्मों के निर्यात पर 20% तक एक्सपोर्ट ड्यूटी लगाने की संभावना तलाश रही है। इस प्रस्ताव के तहत टूटे चावल और कुछ महंगी नॉन-बासमती चावल की किस्मों को शामिल किया जा सकता है।
चावल के निर्यात पर शुल्क लगाने की क्या है वजह?
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, देश के कुछ हिस्सों में चावल की विशेष किस्मों की कीमतों में तेजी देखने को मिली है। दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में प्रीमियम नॉन-बासमती चावल की उपलब्धता भी कम हो गई है।
वहीं, टूटे चावल की कीमतें बढ़ने से पोल्ट्री यानी मुर्गी पालन और पशुओं के चारे से जुड़े कारोबार पर भी असर पड़ा है। सरकार का प्रयास है कि चावल का अधिक स्टॉक विदेश भेजने के बजाय घरेलू बाजार में उपलब्ध कराया जाए।
इससे स्थानीय कारोबारियों, उद्योगों और आम उपभोक्ताओं को बढ़ती कीमतों से राहत मिल सकती है। निर्यात पर शुल्क लगाने का उद्देश्य घरेलू आपूर्ति को मजबूत करना और बाजार में चावल की उपलब्धता बनाए रखना है।
भारतीय चावल का निर्यात हो सकता है महंगा
यदि सरकार 20% एक्सपोर्ट ड्यूटी लागू करती है, तो भारतीय चावल की विदेशी बाजारों में कीमत बढ़ सकती है। इससे चावल के निर्यात की रफ्तार धीमी पड़ने की आशंका है।
हालांकि, भारत दुनिया का सबसे बड़ा चावल निर्यातक है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय चावल की कीमतें प्रतिस्पर्धा का अहम हिस्सा हैं। ऐसे में निर्यात पूरी तरह बंद होने की संभावना नहीं है।
इस फैसले से थाईलैंड, वियतनाम और म्यांमार जैसे चावल निर्यातक देशों को फायदा मिल सकता है। ये देश भारतीय चावल की कम कीमतों के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्धा करने में कठिनाई महसूस कर रहे थे।
हमारे फेसबुक व वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करे














