तमिलनाडु के तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। 24 नवंबर को दीपथून पर पारंपरिक दीप नहीं जलाए जाने के मामले में राज्य सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगी। वहीं, भाजपा और विहिप ने सरकार पर न्यायालय के आदेश की अवहेलना का आरोप लगाया।
सुप्रीम कोर्ट में सरकार ने क्या कहा?
तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को उच्चतम न्यायालय से 24 नवंबर को तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी स्थित विवादित दीपथून पर पारंपरिक दीप नहीं जलाए जाने के लिए माफी मांगी। सरकार ने कहा कि मंदिर के न्यासी बोर्ड ने दीप प्रज्वलित करने के लिए प्रस्तावित दल को अधिकृत नहीं किया था।
न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली की पीठ के समक्ष मदुरै के जिलाधिकारी निशांत कृष्णा ने स्थिति रिपोर्ट दाखिल की। सरकार के अनुसार, जिला प्रशासन ने 20 नवंबर के सुप्रीम कोर्ट के आदेश के पालन के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली थीं। आदेश में मंदिर प्रशासन द्वारा अधिकृत सीमित दल को दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति दी गई थी।
हालांकि, न्यासी बोर्ड ने प्रस्तावित दल को अनुमति नहीं दी और पारंपरिक स्थान पर कार्तिगई महादीपम जलाने का निर्णय लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि उन्होंने आदेश के पालन के लिए सभी आवश्यक प्रयास किए और जानबूझकर किसी निर्देश की अवहेलना नहीं की। उन्होंने दीप नहीं जलाए जाने के लिए अदालत से क्षमा मांगी और अतिरिक्त दस्तावेजों के साथ रिपोर्ट दाखिल करने की बात कही।
पहाड़ी पर जाने से रोके गए श्रद्धालु
मदुरै में बुधवार को लगातार दूसरे दिन श्रद्धालुओं और आम लोगों को तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी पर चढ़ने से रोका गया। पलानी अंडावर मंदिर के प्रवेश द्वार के पास भारी पुलिस बल तैनात रहा। रास्ते पर अवरोधक लगाए गए और केवल स्थानीय निवासियों को प्रवेश की अनुमति दी गई।
भाजपा ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
भाजपा ने दीप विवाद को लेकर तमिलनाडु सरकार की आलोचना की। राज्यसभा सदस्य सुधांशु त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि सरकार ने 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति देने वाले सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया। उन्होंने इसे सनातन संस्कृति और संवैधानिक मूल्यों की अनदेखी बताया।
विहिप और कांग्रेस ने भी रखी अपनी बात
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने आरोप लगाया कि तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश से ऊपर अपनी सर्वोच्चता थोपने की कोशिश की, जिससे कानून के शासन और न्यायपालिका की गरिमा पर सवाल उठते हैं।
वहीं, तमिलनाडु प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष बी मणिकम टैगोर ने भाजपा, आरएसएस और हिंदू मुन्नानी पर कार्तिगई दीपम उत्सव का राजनीतिकरण कर लोगों को बांटने का आरोप लगाया।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फेसबुक व वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करे














