आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल, लामाचौड़ में आयोजित पी.एस.ए. अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा। खिताबी भिड़ंत में टैगोर पब्लिक स्कूल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल (APS) को 7 रन से हराकर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
118 रन बनाकर टैगोर स्कूल ने रखा चुनौतीपूर्ण लक्ष्य
फाइनल मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए टैगोर पब्लिक स्कूल की टीम ने 118 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। इसके बाद लक्ष्य का पीछा करने मैदान पर उतरी आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल की टीम ने भी दमदार खेल दिखाया। APS की टीम ने 111 रन बनाए, लेकिन लक्ष्य से 7 रन पीछे रह गई। इस तरह टैगोर पब्लिक स्कूल ने मुकाबला जीतकर खिताब हासिल किया।
मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत, खेल कौशल और टीम भावना का परिचय दिया। मुकाबले में अंतिम समय तक रोमांच बना रहा और खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दर्शकों का उत्साह बढ़ाया।
खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कारों से किया सम्मानित
टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। टैगोर पब्लिक स्कूल के अंश पाल को बेस्ट बैट्समैन, आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल (APS) के जय पांडे को बेस्ट बॉलर, टैगोर पब्लिक स्कूल के कयान बिष्ट को मैन ऑफ द मैच तथा आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल के विक्रांत बिष्ट को प्लेयर ऑफ द सीरीज की ट्रॉफी प्रदान की गई।
खेल भावना और अनुशासन को बढ़ावा देने का उद्देश्य
आर्डन प्रोग्रेसिव स्कूल परिसर में आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। टूर्नामेंट का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, टीमवर्क, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता विकसित करना रहा।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में स्कूल के प्रबंधक श्री भुवन चंद्र उपाध्याय, प्रधानाचार्य श्री वीरेंद्र सिंह और समस्त विद्यालय परिवार ने विशेष प्रयास किए। विद्यालय प्रबंधन ने सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन और खेल भावना की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।











