HomeNationalकेंद्र के खिलाफ रामलीला मैदान में आप भरेगी हुंकार, सिब्बल होंगे शामिल

केंद्र के खिलाफ रामलीला मैदान में आप भरेगी हुंकार, सिब्बल होंगे शामिल

आप दिल्ली में रविवार को रामलीला मैदान पर महारैली करने जा रही है। आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली में सेवाओं पर नियंत्रण संबंधी केंद्र के अध्यादेश के खिलाफ आयोजित की जा रही इस रैली में एक लाख लोगों के शामिल होने का पार्टी प्रवक्ता ने दावा किया है। इस महारैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ सौरभ भारद्वाज, आतिशी और संजय सिंह सहित पार्टी के अन्य शीर्ष नेताओं के कार्यक्रम में शामिल होंगे।

गौरतलब है कि ये रैली काफी अहम मानी जा रही है क्योंकि आम आदमी पार्टी फिर से रामलीला मैदान में ही रैली कर रही है, जहां से वर्ष 2012 में पार्टी के राजनीतिक सफर की भी शुरुआत हुई थी। इस रैली के संबंध में पार्टी की प्रवक्ता रीना गुप्ता ने कहा कि रैली में एक लाख लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने लोगों को अध्यादेश और उनके दैनिक जीवन पर इसके प्रभाव के बारे में अवगत कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया है। गुप्ता ने कहा, ‘‘हमने व्यापक अभियान चलाया है, लोगों से संपर्क कर उन्हें अध्यादेश के बारे में बताया है कि यह उनके दैनिक जीवन को कैसे प्रभावित करेगा।’’

केंद्र इसे बदलने की कोशिश क्यों कर रहा

गुप्ता ने कहा, ‘‘दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल को तीन बार चुना है और जनता के कल्याण के लिए जो योजनाएं बनाई जा रही हैं, अगर दिल्ली के अधिकारी मुख्यमंत्री के प्रति जवाबदेह नहीं हैं, तो उन्हें लागू नहीं किया जा सकता है।’’ गुप्ता ने कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय के फैसले में यह भी कहा गया है कि अगर नौकरशाह उनकी बात नहीं सुनेंगे तो एक चुनी हुई सरकार कैसे काम करेगी। दिल्ली के लोग परेशान हैं कि केंद्र इसे बदलने की कोशिश क्यों कर रहा है।’’

अध्यादेश के खिलाफ आम आदमी पार्टी के कदमों के बारे में पूछे जाने पर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता गौतम गंभीर ने आरोप लगाया कि दिल्ली में पिछले नौ वर्षों में ‘‘कोई विकास नहीं’’ हुआ। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार केवल ‘‘दूसरे राज्यों में चुनाव लड़ने के लिए करदाताओं से पैसा इकट्ठा कर रही है।’’ गंभीर ने आरोप लगाया, ‘‘इन नौ सालों में उन्होंने (अरविंद केजरीवाल) दिल्ली में क्या विकास किया?’’

केंद्र द्वारा 19 मई को जारी अध्यादेश में राष्ट्रीय राजधानी सिविल सेवा प्राधिकरण की स्थापना का प्रावधान किया गया, जिसने सेवाओं से संबंधित मामलों पर कार्यकारी नियंत्रण को अपने अधिकार क्षेत्र में ले लिया है। इससे पहले, 11 मई को उच्चतम न्यायालय ने एक महत्वपूर्ण फैसले में पुलिस, सार्वजनिक व्यवस्था और भूमि को छोड़कर दिल्ली सरकार को अधिकारियों के स्थानांतरण और पदस्थापन सहित सेवा से संबंधित मामलों पर कार्यकारी नियंत्रण दिया था।

कपिल सिब्ब्ल लेंगे महारैली में हिस्सा

राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल राष्ट्रीय राजधानी में सेवाओं पर नियंत्रण से जुड़े केंद्र सरकार के अध्यादेश के खिलाफ रविवार को आम आदमी पार्टी (आप) की “महारैली” को संबोधित कर सकते हैं। पदाधिकारी ने कहा, “सिब्बल को संवैधानिक विशेषज्ञ के रूप में रैली को संबोधित करने के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्हें दिल्ली की संवैधानिक स्थिति के बारे में बेहतर समझ है।”

इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस

RELATED ARTICLES
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-spot_img
-Advertisement-
-Advertisement-
-Advertisement-

Most Popular

About Khabar Sansar

Khabar Sansar (Khabarsansar) is Uttarakhand No.1 Hindi News Portal. We publish Local and State News, National News, World News & more from all over the strength.