भुवनेश्वर के सत्य विहार इलाके में शुक्रवार (12 दिसंबर 2025) की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नाइट क्लब में अचानक भीषण आग भड़क उठी। घटना के तुरंत बाद इमारत से घना धुआं निकलने लगा, जिसे दूर से भी साफ देखा जा सकता था। आग लगने की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं है, लेकिन शुरुआती आशंका शॉर्ट-सर्किट की बताई जा रही है।
तेज लपटें कुछ ही मिनटों में इतनी बढ़ गईं कि नाइट क्लब के साथ सटी फर्नीचर दुकान भी इसकी चपेट में आ गई। दुकान में लकड़ी, स्पॉन्ज और फोम जैसे ज्वलनशील सामान होने के कारण आग ने और भी खतरनाक रूप ले लिया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हवा का रुख बदलते ही धुआं पूरे बाजार क्षेत्र में फैल गया, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई और लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना पर दमकल विभाग की गाडि़यां पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड के जवानों ने तेजी से मोर्चा संभाला और आग को आसपास की दुकानों तथा रिहायशी इलाकों में फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन संपत्ति का भारी नुकसान होने की आशंका है।
यह हादसा कुछ दिनों पहले गोवा में एक बड़े नाइट क्लब में लगी भीषण आग के बाद सामने आया है, जिसमें 25 लोगों की जान चली गई थी। उस घटना के बाद ओडिशा अग्निशमन और आपातकालीन सेवा (OFES) ने 100 से अधिक बैठने क्षमता वाले सभी रेस्तरां, नाइट क्लब और स्वतंत्र प्रतिष्ठानों का राज्यव्यापी सुरक्षा ऑडिट कराने का आदेश जारी किया था। भुवनेश्वर की यह घटना मनोरंजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर रही है।
स्थानीय प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं और इमारत की तकनीकी स्थिति से लेकर सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता तक सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। फिलहाल बाजार क्षेत्र में हालात सामान्य करने के लिए पुलिस और दमकल विभाग तैनात है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस

