फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की एक उड़ान को सफर के दौरान अचानक तेज़ टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। इस दौरान विमान की ऊंचाई अचानक कम हो गई, जिससे यात्रियों और क्रू सदस्यों के बीच कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि विमान सुरक्षित दिल्ली पहुंच गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
टर्बुलेंस के दौरान विमान की ऊंचाई अचानक घटी
जानकारी के अनुसार, फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 को उड़ान के दौरान तेज़ हवा के झटके लगे। कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि टर्बुलेंस के दौरान विमान लगभग 300 फीट नीचे आ गया। इस घटना में कई यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं।
एयर इंडिया ने जारी किया आधिकारिक बयान
एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग के बाद फ्लाइट AI2379 के सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित विमान से बाहर निकल गए। जिन लोगों को चोटें आई थीं, उन्हें एयरपोर्ट स्थित मेडिकल सुविधा केंद्र में जांच और इलाज के लिए भेजा गया।
करीब 12 यात्रियों के घायल होने की जानकारी
हालांकि एयर इंडिया ने अपने आधिकारिक बयान में घायलों की संख्या का खुलासा नहीं किया, लेकिन सूत्रों के अनुसार इस घटना में लगभग 12 यात्री घायल हुए हैं। फिलहाल किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
यात्रियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: एयर इंडिया
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों और क्रू सदस्यों की सुरक्षा तथा उनका स्वास्थ्य एयरलाइन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है और घटना की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है।
प्रवक्ता के मुताबिक, जिन यात्रियों और क्रू सदस्यों को मामूली चोटें आईं या मेडिकल जांच की आवश्यकता महसूस हुई, उन्हें एहतियात के तौर पर एयर इंडिया की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल स्टाफ की निगरानी में एयरपोर्ट के मेडिकल सुविधा केंद्र ले जाया गया, जहां उनका परीक्षण और आवश्यक देखभाल की गई।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें
