कंप्यूटर या लैपटॉप पर एक साधारण-सी PDF फाइल खोलना अब खतरनाक साबित हो सकता है। हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साइबर अपराधी PDF फाइल्स के जरिए यूजर्स के सिस्टम को निशाना बना रहे हैं। खासतौर पर Adobe Reader में मौजूद एक खामी का फायदा उठाकर हैकर्स डिवाइस तक पहुंच बना रहे हैं।
साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर Haifei Li ने इस कमजोरी की पहचान की है, जिसके जरिए हमलावर बिना किसी अतिरिक्त कार्रवाई के सिस्टम में सेंध लगा सकते हैं।
सिर्फ PDF खोलते ही हो सकता है डेटा चोरी
इस साइबर अटैक की सबसे बड़ी चिंता यह है कि यूजर को केवल PDF फाइल ओपन करनी होती है। इसके बाद हैकर्स आसानी से सिस्टम का एक्सेस हासिल कर लेते हैं।
रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले करीब चार महीनों से इस तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह अटैक बेहद चुपचाप काम करता है और यूजर को इसकी भनक तक नहीं लगती। हैकर्स Adobe के इन-बिल्ट टूल्स का इस्तेमाल कर लोकल फाइल्स तक पहुंच बना लेते हैं और संवेदनशील डेटा चोरी कर सकते हैं।
ऐसे फैल रही हैं खतरनाक PDF फाइल्स
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन मालिशियस PDF फाइल्स को खास विषयों के साथ फैलाया जा रहा है, जैसे तेल और गैस इंडस्ट्री से जुड़े दस्तावेज। जैसे ही यूजर इन्हें खोलता है, डिवाइस तुरंत खतरे में आ जाता है।
चौंकाने वाली बात यह है कि अब तक इस खामी को ठीक करने के लिए Adobe की ओर से कोई आधिकारिक सिक्योरिटी पैच जारी नहीं किया गया है।
कैसे करें बचाव?
साइबर हमलों में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए सावधानी बेहद जरूरी हो गई है। एक्सपर्ट्स यूजर्स को कुछ अहम सुझाव दे रहे हैं:
- अनजान स्रोत से आई PDF फाइल्स को ओपन करने से बचें
- सिस्टम और सॉफ्टवेयर को हमेशा अपडेट रखें
- केवल विश्वसनीय ईमेल और लिंक से ही फाइल डाउनलोड करें
- एंटीवायरस और सिक्योरिटी टूल्स का इस्तेमाल करें
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप


