रूद्रपुर। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार और जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में, सचिव श्री योगेन्द्र कुमार सागर की अध्यक्षता में राजकीय इंटर कॉलेज, जय नगर, दिनेशपुर में बाल सुरक्षा यात्रा अभियान का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को मानव तस्करी से जुड़ी गंभीर जानकारियाँ दी गईं। सचिव श्री सागर ने बताया कि मानव तस्करी महिलाओं, पुरुषों और बच्चों के साथ बलपूर्वक श्रम, देह व्यापार, दासता, भिक्षावृत्ति, अंग व्यापार आदि के उद्देश्य से की जाती है। यह अपराध विभिन्न तरीकों से – जैसे धमकी, बल प्रयोग, अपहरण, धोखा, लालच, शक्ति या पद के दुरुपयोग के माध्यम से – अंजाम दिया जाता है।
उन्होंने भारतीय संविधान के अनुच्छेद 23 का उल्लेख करते हुए बताया कि यह प्रावधान बेगार, बंधुआ मजदूरी और जबरन श्रम को प्रतिबंधित करता है। इसका उल्लंघन भारतीय कानून के तहत दंडनीय अपराध है।
हरेला पर्व पर पौधरोपण कर दिया पर्यावरण सन्देश
कार्यक्रम के उपरांत हरेला पर्व के उपलक्ष्य में विद्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। इसमें सचिव श्री योगेन्द्र कुमार सागर, प्रधानाचार्य श्री भूपेन्द्र नाथ गोस्वामी, पैनल अधिवक्ता श्री गुरजीत सिंह और श्री विक्रम सिंह, पराविधिक कार्यकर्ता शालिनी गुप्ता, राधेश्याम, सुनील कुमार समेत स्कूल स्टाफ ने भाग लिया।
अंत में सचिव श्री सागर ने आयोजन की सफलता के लिए विद्यालय परिवार, पैनल अधिवक्ताओं व सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस



