उत्तराखंड की सियासत में रविवार को हल्द्वानी से एक अलग ही तस्वीर सामने आई। आज दिनांक 11 जनवरी 2026, रविवार को भारतीय जनता पार्टी कुमाऊं संभाग कार्यालय, हल्द्वानी में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस पदाधिकारियों की “बुद्धि शुद्धि” के उद्देश्य से भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हवन यज्ञ का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिला नैनीताल के जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने किया। हवन यज्ञ के दौरान मंत्रोच्चारण और वैदिक अनुष्ठान के साथ कांग्रेस की नीतियों के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध दर्ज कराया गया।
“कांग्रेस के पास विरोध के अलावा कुछ नहीं” – प्रताप सिंह बिष्ट
हवन यज्ञ के पश्चात जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने उत्तराखंड को विकास की नई दिशा दी है। केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रदेश में चहुंमुखी विकास हो रहा है, लेकिन यह प्रगति कांग्रेस को पच नहीं रही।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल झूठ, भ्रम और अफवाहों के सहारे राजनीति कर रही है। बिष्ट ने कहा, “कांग्रेस को विकास दिखाई नहीं देता, इसलिए वह जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है, लेकिन उत्तराखंड की जनता सब समझती है और बहकावे में आने वाली नहीं है।”
भाजपा नेताओं की मजबूत मौजूदगी
इस हवन यज्ञ में भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से जिला महामंत्री रंजन सिंह बर्गली, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी प्रदीप जनौटी, प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा दीपेंद्र कोश्यारी, दर्जा राज्यमंत्री रेनू अधिकारी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, पूर्व मेयर जोगिन्दर पाल सिंह रौतेला सहित बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, मंडल अध्यक्षों और जिला पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से और अधिक प्रभावशाली बना दिया। भाजपा के इस आयोजन को कांग्रेस के खिलाफ राजनीतिक संदेश और सांस्कृतिक प्रतीकात्मक विरोध के रूप में देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में यह मुद्दा उत्तराखंड की राजनीति में और तूल पकड़ सकता है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस





