मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के तराना कस्बे में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद हालात अचानक बेकाबू हो गए। दो समुदायों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्ष लाठी-डंडे और तलवारें लेकर सड़कों पर उतर आए, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पथराव और आगजनी से फैली दहशत
हिंसा के दौरान दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई। हालात इतने बिगड़ गए कि कई दोपहिया वाहनों के साथ-साथ एक बस को भी आग के हवाले कर दिया गया। आगजनी की सूचना मिलते ही दमकल विभाग मौके पर पहुंचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
22 जनवरी के हमले से जुड़ा मामला
दरअसल, इस हिंसा की जड़ 22 जनवरी की शाम का एक हमला बताया जा रहा है। शाम करीब 7 से 7:30 बजे के बीच तराना में सोहेल ठाकुर नाम के युवक पर कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया। हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद उसे पहले स्थानीय अस्पताल और फिर उज्जैन रेफर किया गया।
पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार
समाचार लिखे जाने तक मिली जानकारी के अनुसार, इस सांप्रदायिक हिंसा के मामले में कुल 6 आरोपियों में से 5 को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी आरोपी हिंदूवादी संगठन से जुड़े एक कार्यकर्ता पर जानलेवा हमले के आरोप में पकड़े गए हैं। हालांकि, मुख्य आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
VHP नेता का प्रशासन पर दबाव
विश्व हिंदू परिषद (VHP) के नेता विष्णु पाटीदार ने बताया कि सोहेल ठाकुर पर पीछे से लाठी से हमला किया गया था। उन्होंने कहा कि चार-पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है और अब तक पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। उन्होंने प्रशासन से मुख्य आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी भी दी है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


