भारतीय युवा बल्लेबाज Vaibhav Suryavanshi ने ट्राई सीरीज के फाइनल मुकाबले में ऐसा धमाका किया, जिसने क्रिकेट जगत को चौंका दिया। श्रीलंका ए के खिलाफ खेले गए मैच में उन्होंने केवल 11 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर वनडे क्रिकेट इतिहास की सबसे तेज फिफ्टी का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
वैभव की इस विस्फोटक पारी में चौकों और छक्कों की बारिश देखने को मिली। उन्होंने अपने पहले 50 रन तक पहुंचने के दौरान 5 चौके और 5 छक्के लगाए। खास बात यह रही कि शुरुआती 11 गेंदों में उन्होंने सिर्फ एक गेंद डॉट खेली।
चौथे ओवर में पूरा किया अर्धशतक
भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। वैभव सूर्यवंशी ने पारी के चौथे ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया। उस समय टीम इंडिया का स्कोर महज 4 ओवर में 76 रन पहुंच चुका था।
उन्होंने बाउंड्री लगाकर अपना पचासा पूरा किया और मैदान के चारों ओर शानदार शॉट्स लगाए। इससे पहले लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड 12 गेंदों में दर्ज था, लेकिन वैभव ने उसे भी पीछे छोड़ दिया।
शुरुआती मैचों में नहीं चला था बल्ला
पूरी ट्राई सीरीज के दौरान क्रिकेट फैंस की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर टिकी हुई थीं। इसकी बड़ी वजह इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम में उनका चयन था।
हालांकि, फाइनल से पहले खेले गए चार मुकाबलों में उनका प्रदर्शन औसत रहा था। उन्होंने क्रमशः 14, 44, 21 और 38 रन की पारियां खेली थीं। इन चार मैचों में उनके बल्ले से कुल 117 रन निकले थे। लेकिन फाइनल मुकाबले में वैभव ने अपने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए धुआंधार बल्लेबाजी की और श्रीलंकाई गेंदबाजों की लय पूरी तरह बिगाड़ दी।
29 गेंदों में बनाए 94 रन
वैभव सूर्यवंशी की आक्रामक पारी का अंत 9वें ओवर में हुआ। जब वह आउट हुए, तब भारतीय टीम 8.5 ओवर में 132 रन बना चुकी थी। उन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 94 रन की विस्फोटक पारी खेली। हालांकि, एक बार फिर वह नर्वस नाइंटी का शिकार बने। IPL 2026 समेत पिछली सात पारियों में यह तीसरा मौका रहा, जब वह शतक के करीब पहुंचकर आउट हुए। इससे पहले वह Gujarat Titans के खिलाफ 96 रन और Sunrisers Hyderabad के खिलाफ 97 रन बनाकर पवेलियन लौटे थे।
भारतीय क्रिकेट को मिला नया विस्फोटक बल्लेबाज
वैभव सूर्यवंशी की यह पारी भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए बेहद सकारात्मक संकेत मानी जा रही है। कम उम्र में जिस तरह उन्होंने बड़े मंच पर दबाव के बीच आक्रामक बल्लेबाजी की, उसने उन्हें आने वाले समय का बड़ा स्टार बना दिया है। अगर यही फॉर्म जारी रही, तो इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे पर भी उनसे बड़ी पारियों की उम्मीद की जाएगी।
खबर आपको कैसी लगी, comment box में अवश्य लिखें। वेबसाइट को सब्सक्राइब और लाइक करना भी नहीं भूलें
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


