सोशल मीडिया पर इन दिनों यह दावा वायरल हो रहा है कि गूगल अपने AI मॉडल को ट्रेनिंग देने के लिए Gmail यूजर्स के ईमेल, अटैचमेंट, बिल और निजी बातचीत का उपयोग कर रहा है। इस चर्चा ने लोगों में डेटा प्राइवेसी को लेकर चिंता बढ़ा दी। हालांकि, कंपनी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर आधिकारिक पोस्ट के जरिए साफ किया है कि वह Gemini मॉडल को ट्रेनिंग देने के लिए Gmail कंटेंट का इस्तेमाल नहीं करती।
गूगल पर लगे आरोप क्या हैं?
कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि गूगल, Gmail के Smart Compose और ऑटोमेटेड सुझाव जैसी सुविधाओं के माध्यम से यूजर डेटा का उपयोग AI मॉडल ट्रेनिंग में करता है। गूगल ने स्पष्ट किया कि ये फीचर्स वर्षों से उपलब्ध हैं और उनकी सेटिंग्स में कोई नया बदलाव नहीं किया गया है। कंपनी के अनुसार, यह डेटा केवल Gmail के भीतर स्मार्ट फीचर्स को बेहतर बनाने के लिए उपयोग होता है।
डेस्कटॉप और मोबाइल ऐप दोनों में मौजूद हैं कंट्रोल सेटिंग्स
यदि आप चाहते हैं कि गूगल आपके Gmail डेटा का उपयोग बिल्कुल न करे, तो कुछ सेटिंग्स को ऑफ करके आप पूर्ण नियंत्रण ले सकते हैं।
- डेस्कटॉप पर: Gmail खोलें → ऊपर दाईं ओर सेटिंग → “See all settings” पर क्लिक करें।
- मोबाइल ऐप में: Gmail ऐप खोलें → सेटिंग → अपनी ईमेल ID चुनें।
इन दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर आप डेटा उपयोग से जुड़ी स्मार्ट फीचर्स को मैनेज कर सकते हैं।
कौन से विकल्प बंद करें?
- “Smart features and personalization” सेक्शन में जाएं।
- “Turn on smart features in Gmail, Chat and Meet” को अनचेक कर दें।
- इसके बाद Save Changes करें।
इससे Smart Compose, स्मार्ट सुझाव और अन्य ऑटोमेटेड फीचर्स बंद हो जाएंगे और गूगल इन कंटेंट का उपयोग मॉडल ट्रेनिंग में नहीं कर सकेगा।
अन्य गूगल प्रोडक्ट्स में भी रोकें डेटा का इस्तेमाल
गूगल, Calendar, Drive और Assistant जैसे प्रोडक्ट्स में भी उपयोगकर्ता के Gmail डेटा का उपयोग करता है। इसे बंद करने के लिए:
- “See all settings” में जाएं
- नीचे स्क्रॉल कर “Manage Workspace smart feature settings” चुनें
- “Smart features in Google Workspace” और “Smart features in other Google products” दोनों को ऑफ कर दें।
इन सेटिंग्स को बंद कर आप अपने Gmail डेटा को अधिक सुरक्षित बना सकते हैं।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए क्लिक करें



