मध्य पूर्व में एक बार फिर हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। अमेरिकी मध्यस्थता से इजरायल और ईरान के बीच हुआ युद्धविराम समझौता अब खतरे में दिख रहा है। इजरायली सेना प्रमुख ने मंगलवार को स्पष्ट शब्दों में कहा कि ईरान ने युद्धविराम का गंभीर उल्लंघन किया है और इसका जवाब जल्द ही “बलपूर्वक” दिया जाएगा।
इजरायली रक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान: तेहरान पर हमला तय
इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने मंगलवार को घोषणा की कि उन्होंने सेना को ईरान की राजधानी तेहरान पर सैन्य कार्रवाई के आदेश दे दिए हैं। उनका आरोप है कि ईरान ने हाल ही में घोषित युद्धविराम की अवहेलना करते हुए इजरायल पर मिसाइलें दागी हैं। यह बयान उस समय आया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने युद्धविराम लागू होने की घोषणा के कुछ ही घंटे बाद यह घटना सामने आई। इजरायली रक्षा प्रतिष्ठान इस हमले को एक ‘गंभीर उकसावा’ मान रहा है और इसका जवाब देने की तैयारी कर चुका है।
ईरान का इनकार: “आरोप निराधार और भ्रामक”
दूसरी ओर, ईरान की ISNA (इसना) स्टूडेंट न्यूज़ एजेंसी ने इजरायल के आरोपों को खारिज कर दिया है। ईरान का कहना है कि युद्धविराम लागू होने के बाद उसकी ओर से कोई मिसाइल हमला नहीं हुआ है। ईरानी अधिकारियों ने इस रिपोर्ट को “झूठा और भ्रामक” बताया और आरोप लगाया कि इजरायल खुद उकसावे की रणनीति पर काम कर रहा है।
मध्य पूर्व में फिर से तनाव चरम पर
इजरायल और ईरान के बीच इस नए विवाद ने मध्य पूर्व में शांति की उम्मीदों को एक बार फिर झटका दिया है। दोनों पक्षों के विरोधाभासी दावों के चलते तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। अब सभी की नजर अमेरिका की अगली कूटनीतिक पहल पर टिकी है, जिससे इस बिगड़ते हालात को संभाला जा सके।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
