ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का सीधा असर अब आम लोगों की जेब पर पड़ने लगा है। भारत की प्रमुख प्राइवेट तेल कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नई दरों के मुताबिक पेट्रोल ₹5.30 प्रति लीटर और डीजल ₹3 प्रति लीटर तक महंगा हो गया है।
क्यों बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम?
वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की सप्लाई पर संकट गहराता जा रहा है। दुनिया के बड़े हिस्से में तेल की सप्लाई ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ के जरिए होती है, लेकिन युद्ध जैसे हालात के चलते यह अहम मार्ग प्रभावित हुआ है। इसके अलावा दोनों देशों द्वारा एक-दूसरे के तेल ठिकानों पर हमलों ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की उपलब्धता को कम कर दिया है।
नायरा एनर्जी ने क्यों लिया फैसला?
नायरा एनर्जी, जिसके देशभर में करीब 7,000 पेट्रोल पंप हैं, ने साफ किया है कि कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के कारण लागत बढ़ गई है। ऐसे में कंपनी ने बढ़े हुए खर्च का कुछ हिस्सा ग्राहकों तक पहुंचाने का निर्णय लिया है।
सरकारी vs प्राइवेट कंपनियां
विशेषज्ञों का कहना है कि प्राइवेट तेल कंपनियों को सरकारी कंपनियों की तरह राहत या सब्सिडी नहीं मिलती। सरकारी कंपनियां अक्सर सरकार के निर्देश पर घाटा झेलकर भी कीमतें स्थिर रख सकती हैं, जबकि प्राइवेट कंपनियों को बाजार के हिसाब से दाम तय करने पड़ते हैं।
राज्यों में अलग-अलग असर
हर राज्य में वैट और अन्य स्थानीय टैक्स अलग-अलग होने की वजह से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर भी अलग-अलग देखने को मिल रहा है। यानी कहीं कीमत ज्यादा बढ़ी है तो कहीं कम।
पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें
तेल की कीमतों में उछाल और संभावित कमी की खबरों के बाद कई राज्यों में पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ गई है। लोग वाहनों की टंकियां फुल कराने के लिए कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। वहीं रसोई गैस की कमी की खबरों ने भी लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
बड़े शहरों में क्या हैं ताजा रेट?
देश के कई बड़े शहरों में पेट्रोल-डीजल के दाम ऊंचे स्तर पर पहुंच गए हैं।
- हैदराबाद में पेट्रोल ₹107.46 प्रति लीटर तक पहुंच गया
- डीजल यहां ₹95.70 प्रति लीटर के करीब है
- मुंबई और कोलकाता में पेट्रोल ₹100 के पार बना हुआ है
- गुरुग्राम में पेट्रोल ₹95.57 और नोएडा में ₹95.16 प्रति लीटर दर्ज किया गया
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप




