राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) एनआईए ने अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हमले की जांच के सिलसिले में बुधवार (22 नवंबर) को पंजाब और हरियाणा में 14 स्थानों की तलाशी ली।
एनआईए (NIA) ने कहा कि तलाशी के स्थान हरियाणा के कुरूक्षेत्र और यमुनानगर हैं। पंजाब में जालंधर, मोगा, लुधियाना और पटियाला समेत कई जिले हैं। अधिकारियों ने कहा कि एनआईए ने मामले की जांच के लिए अगस्त 2023 में सैन फ्रांसिस्को का दौरा किया। हमलावरों के बारे में जानकारी जुटाई गई।
NIA ने क्या कहा?
एनआईए (NIA) ने कहा कि जांच के दौरान भारतीय वाणिज्य दूतावास पर हमले की साजिश रचने वाले कुछ लोगों की पहचान की गई है। इसमें भारतीय और विदेशी दोनों शामिल है। एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि वाणिज्य दूतावास पर 19 मार्च और 2 जुलाई को हमला किया गया था।
उन्होंने आगे कहा कि कार्रवाई के दौरान आरोपी व्यक्तियों से संबंधित जानकारी वाले डिजिटल डेटा को जब्त कर लिया गया। साथ ही अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज भी जब्त किए गए। एजेंसी अवैध रूप से प्रवेश करने, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों को चोट पहुंचाने और इमारत में आगजनी जैसे अपराधों के संबंध में जांच कर रही है।
