दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में अवैध कब्जे हटाने पहुंची नगर निगम (MCD) की टीम पर पथराव का मामला अब राजनीतिक रंग लेता दिख रहा है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के रामपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी का नाम सामने आया है। आरोप है कि उन्होंने देर रात मौके पर पहुंचकर लोगों को उकसाया, जिससे हालात बिगड़ गए।
पुलिस जांच के घेरे में सांसद
दिल्ली पुलिस का कहना है कि सांसद नदवी से इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की जाएगी। जानकारी के अनुसार नदवी संसद परिसर के पास स्थित एक मस्जिद के इमाम भी हैं। पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या उनकी मौजूदगी से भीड़ भड़की और पथराव की घटना हुई।
बीजेपी का सपा पर हमला
बीजेपी नेता और प्रवक्ता नवीन कोहली ने इस मामले पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कोर्ट के आदेश के तहत MCD कार्रवाई कर रही थी और स्थानीय लोगों से पहले ही बातचीत हो चुकी थी। इसके बावजूद सपा सांसद का देर रात वहां पहुंचना कई सवाल खड़े करता है।
कोहली ने कहा, “रात डेढ़ बजे कोई तुर्कमान गेट क्यों जाता है? क्या यह सब सोची-समझी साजिश थी? धर्म को बीच में लाकर माहौल खराब किया गया।” उन्होंने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव से इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण देने की मांग की और कहा कि सपा को खुलकर कहना चाहिए कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
पथराव में कौन-कौन शामिल?
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की 7 धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। अब तक 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि आदिल कासिफ, मोहम्मद कैफ, मोहम्मद अरीब, उजैफ और आजिम इरफान पथराव में शामिल थे।
इसके अलावा अदनान और समीर पर व्हाट्सऐप के जरिए वीडियो और ऑडियो संदेश वायरल कर भीड़ भड़काने का आरोप है। दिल्ली पुलिस अधिकारी मधुर वर्मा के अनुसार, घटना के समय 100 से 150 पत्थरबाज मौजूद थे और मामले की जांच जारी है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
