मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड सरकार के कार्यों व उपलब्धियों को लेकर भाजपा के मुख्य प्रवक्ता सुरेश जोशी ने प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि समन्वित प्रयासों के चलते राज्य आज बहुआयामी विकास के नए आयाम गढ़ रहा है तथा 25 वर्ष की यात्रा में यह समय राज्य का वास्तविक स्वर्णिम काल सिद्ध हो रहा है।
जमरानी, ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल व रिंग रोड परियोजना में तेजी
जोशी ने बताया कि पाँच दशक से लंबित जमरानी बांध परियोजना अब धरातल पर उतरती दिख रही है। धार्मिक और सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल लाइन अपने अंतिम चरण में है। वहीं हल्द्वानी के विस्तार को देखते हुए रिंग रोड परियोजना को भी शीघ्र शुरू किया जा रहा है।
पर्यटन में रिकॉर्ड वृद्धि, मंदिर माला मिशन से व्यापक विकास
चारधाम यात्रा में प्रतिकूल मौसम के बावजूद इस वर्ष 51 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। कुमाऊँ में मानसखण्ड मंदिर माला मिशन के तहत कैचीधाम, जागेश्वर, बाराही धाम, गोल्ज्यू सर्किट व नंदादेवी मंदिर सहित कई धार्मिक स्थलों का आधारभूत विकास तेजी से हो रहा है।
स्वास्थ्य व शिक्षा का सुदृढ़ीकरण
हल्द्वानी और अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज के साथ रुद्रपुर व पिथौरागढ़ में मेडिकल कॉलेज निर्माण तेज़ी से प्रगति पर है। शिक्षा में अटल उत्कृष्ट विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को सीबीएसई पैटर्न पर अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है।
सीमान्त क्षेत्रों में वाइब्रेंट विलेज व भारतमाला से परिवर्तन
मुख्य प्रवक्ता ने बताया कि वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत 51 सीमांत गाँवों का विकास किया जा रहा है। भारतमाला परियोजना में सीमा क्षेत्र की सड़कों को 9 मीटर तक चौड़ा किया जा रहा है। पिछले चार वर्षों में 26,000 युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। 3.56 लाख करोड़ के एमओयू में से 1 लाख करोड़ के निवेश का ग्राउंडिंग कार्य पूर्ण हो चुका है।
स्वरोजगार, खनन व परिवहन क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ
वीर चन्द्र गढ़वाली, दीनदयाल उपाध्याय होमस्टे, एप्पल मिशन, ट्राउट फार्मिंग और महिला स्वयं सहायता समूहों ने आत्मनिर्भरता को नई दिशा दी है। बेहतर खनन नीति से राजस्व में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है तथा केन्द्र सरकार ने 200 करोड़ की प्रोत्साहन राशि प्रदान की है। उड़ान योजना के तहत पिथौरागढ़, धारचूला और मुनस्यारी से तेज हवाई संपर्क उपलब्ध है।
भ्रष्टाचार पर प्रहार व सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता
जोशी ने कहा कि भ्रष्टाचार विरोधी नीति के चलते 200 से अधिक अधिकारी-कर्मचारी जेल में हैं। राज्य की डेमोग्राफी पर गंभीर चिंता जताते हुए लैंड जिहाद और संदिग्ध निवास व आईडी प्रमाणपत्रों की जांच तेज गति से चल रही है। उन्होंने कहा कि इन सभी उपलब्धियों ने उत्तराखण्ड को नीति आयोग की सतत विकास लक्ष्य रैंकिंग में देश में पहला स्थान दिलाया है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप



