अहमदाबाद से एक डराने वाली खबर आ रही है यहां मोबाइल छीनने की वजह से गुस्से में आकर 13 साल की बच्ची अपनी मां की हत्या की साजिश रचने लगी। कभी चीनी के डिब्बे में फीटनाशक पाउडर डाल देती तो कभी बाथरूम के फर्श पर फिनाइल गिरा देती थी।
45 वर्षीय महिला ने जब करीब से निगाह रखनी शुरू की तो यह जानकर हैरान रह गई कि उसकी बेटी ऐसा कर रही है। मजबूरन महिला ने मदद के लिए हेल्पलाइन का नंबर डायल किया। पता चला कि नाबालिग लड़की अपनी मां की हत्या करना चाहती थी जिसने उसका मोबाइल छीन लिया था।
बच्ची चाहती थी कि उसके पैरेंट्स कीटनाशक खाकर मर जाएं
जानकारी के मुताबिक, अभयम 181 हेल्पलाइन के एक काउंसलर ने बताया कि बच्ची चाहती थी कि उसके पैरेंट्स कीटनाशक खाकर मर जाएं या बाथरूम में फिसलने से सिर में ऐसी चोट आए कि उनकी जान चली जाए। पता चला कि उसकी मां ने कुछ दिन पहले उससे मोबाइल छीन लिया था और वापस देने से इनकार कर दिया था।
उन्होंने कहा, ‘पैरेंट्स ने हमें बताया कि लड़की पूरी रात मोबाइल पर टाइम बिताती थी। ऑनलाइन दोस्तों के साथ चैटिंग और सोशल मीडिया पर रील्स या पोस्ट देखती रहती थी। इससे उसकी पढ़ाई और सोशल लाइफ पर बहुत बुरा असर पड़ा था।’ माता-पिता यह जानकर भौचक्के रह गए क्योंकि उन्होंने ऐसी प्रतिक्रिया की कल्पना नहीं की थी। काउंसल ने बताया कि माता-पिता उसके लिए किसी बात की कमी नहीं रखते थे।
क्योंकि वह उनकी शादी के 13 साल बाद पैदा हुई थी। अभयम हेल्पलाइन की कोऑर्डिनेटर फाल्गुनी पटेल ने कहा, ‘2020 या कोरोना महामारी से पहले हमें दिन में मुश्किल से 3-4 कॉल्स ही मिलते थे। लेकिन पिछले कुछ सालों में तीन गुना की वृद्धि हुई है और हर दिन 12-15 केस आ रहे हैं, सालाना करीब 5400 कॉल्स।’ उन्होंने कहा कि 20 फीसदी केस बच्चों और नाबालिगों से जुड़े होते हैं।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
