तमिलनाडु के शिवकाशी में मंगलवार सुबह एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसमें दो महिलाओं समेत कम से कम छह लोगों की जान चली गई। कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
यह हादसा विरुधुनगर जिले के चिन्नाकमनपट्टी गांव के पास स्थित गोकुलेश पटाखा फैक्ट्री में हुआ। चश्मदीदों के अनुसार, फैक्ट्री से घना धुआं उठता दिखाई दिया और लगातार पटाखों के फटने की आवाजें सुनाई देती रहीं।
विस्फोट के बाद फैक्ट्री में भीषण आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। राहत और बचाव कार्य जारी है, और घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
फैक्ट्री में विस्फोट का कारण अब तक अज्ञात
विस्फोट के कारणों की पुष्टि अब तक नहीं हो पाई है। अधिकारियों का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी और प्राथमिक जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
शिवकाशी को देश की ‘आतिशबाजी राजधानी’ के रूप में जाना जाता है। यह क्षेत्र माचिस और प्रिंटिंग उद्योग के लिए भी प्रसिद्ध है। पूरे विरुधुनगर जिले में ऐसे कई छोटे-बड़े उद्योग मौजूद हैं, जहां पटाखे बनाए जाते हैं।
तेलंगाना हादसे के अगले ही दिन हुआ दूसरा धमाका
गौरतलब है कि यह हादसा तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में फार्मा प्लांट विस्फोट के ठीक एक दिन बाद हुआ है, जहां रिएक्टर ब्लास्ट में 34 लोगों की मौत हो चुकी है। दोनों घटनाओं ने औद्योगिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की बात कही है। वहीं, इलाके में सुरक्षा को लेकर नई रणनीति पर भी विचार किया जा रहा है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
