देशभर में हाल ही में LPG गैस की कमी को लेकर लोगों के बीच चिंता का माहौल देखने को मिला। इसी बीच पेट्रोलियम मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा कर पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन के फायदों को विस्तार से बताया है। मंत्रालय के मुताबिक, यह व्यवस्था गैस सप्लाई सिस्टम को अधिक आसान, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकती है।
रसोई में मिलेगा ज्यादा सुविधाजनक अनुभव
मंत्रालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, आने वाले समय में PNG कनेक्शन घरेलू गैस उपयोग का तरीका बदल सकता है। इसमें उपभोक्ताओं को लगातार गैस सप्लाई, मीटर आधारित बिलिंग और इस्तेमाल के बाद भुगतान जैसी सुविधाएं मिलती हैं।
PNG कनेक्शन लेने के बाद सिलेंडर बुकिंग, डिलीवरी का इंतजार और गैस खत्म होने जैसी परेशानियों से राहत मिल सकती है। यही वजह है कि अब इसे पारंपरिक LPG सिलेंडर के मुकाबले ज्यादा सुविधाजनक विकल्प माना जा रहा है।
क्या है PNG कनेक्शन की सबसे बड़ी खासियत?
PNG यानी पाइप्ड नेचुरल गैस सीधे पाइपलाइन के जरिए घरों तक पहुंचाई जाती है। इसमें गैस की खपत मीटर के माध्यम से रिकॉर्ड होती है। उपभोक्ता जितनी गैस इस्तेमाल करते हैं, उन्हें उसी हिसाब से बिल का भुगतान करना होता है।
इस व्यवस्था में हर बार सिलेंडर बदलने या बुकिंग कराने की जरूरत नहीं पड़ती। महीने के अंत में इस्तेमाल के अनुसार बिल तैयार किया जाता है, जिससे खर्च पर बेहतर नियंत्रण भी बना रहता है।
PNG कनेक्शन के 4 बड़े फायदे
- 24×7 लगातार गैस सप्लाई, सिलेंडर खत्म होने की चिंता नहीं
- बिना बुकिंग और बिना इंतजार के गैस उपलब्ध
- गैस लीक होने की स्थिति में गैस ऊपर की ओर फैलती है, जिससे जोखिम कम होता है
- पहले इस्तेमाल करें, बाद में बिल का भुगतान करें
LPG के मुकाबले क्यों बेहतर माना जा रहा PNG?
विशेषज्ञों के मुताबिक, PNG कनेक्शन घरेलू रसोई को ज्यादा सुरक्षित और सुविधाजनक बना सकता है। इसमें सिलेंडर स्टोर करने की जरूरत नहीं होती और गैस सप्लाई सीधे पाइपलाइन से मिलती रहती है। यही कारण है कि शहरी इलाकों में इसकी मांग लगातार बढ़ रही है।
खबर आपको कैसी लगी, comment box में अवश्य लिखें। वेबसाइट को सब्सक्राइब और लाइक करना भी नहीं भूलें
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


