पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में नमक, चीनी और सैचुरेटेड फैट की अधिक मात्रा को लेकर अब ग्राहकों को पैकेट पर ही स्पष्ट चेतावनी देने की तैयारी है। सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) को चेतावनी लेबल के नियम तैयार करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने कहा है कि चेतावनी तय करने के लिए खाद्य पदार्थों में मौजूद कुल शुगर और सैचुरेटेड फैट को आधार बनाया जाए, न कि केवल अलग से मिलाई गई चीनी और फैट को।
नमक, चीनी और फैट की सीमा नए सिरे से तय होगी
जस्टिस जे बी पारडीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने कहा कि नमक, कुल शुगर और सैचुरेटेड फैट की अधिकतम सीमा नए सिरे से निर्धारित की जाए। चेतावनी की सीमा इतनी कम नहीं होनी चाहिए कि हर खाद्य पदार्थ पर चेतावनी लगने लगे और न ही इतनी अधिक हो कि नुकसानदेह मात्रा भी इसके दायरे से बाहर रह जाए।
पैकेट पर तीन षट्कोण में लिखी होगी चेतावनी
कोर्ट ने निर्देश दिया कि खाद्य पैकेट के मुख्य हिस्से पर तीन अलग-अलग षट्कोण (हेक्सागोन) बनाए जाएं। इनमें ‘High Fat’, ‘High Sugar’ और ‘High Salt’ लिखा होगा। प्रत्येक हेक्सागोन पैकेट के मुख्य डिस्प्ले क्षेत्र का कम से कम 4 से 5 प्रतिशत हिस्सा घेरेगा। इसके भीतर लिखे शब्दों का फॉन्ट बड़ा और स्पष्ट होना चाहिए, ताकि ग्राहक आसानी से पढ़ सकें।
FSSAI को जल्द नियम अधिसूचित करने के निर्देश
बेंच ने बच्चों और आम लोगों को खाद्य पदार्थों में मौजूद पोषक तत्वों तथा उनके स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों के प्रति जागरूक करने की जरूरत पर जोर दिया। सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को ड्राफ्ट नियम तैयार कर संबंधित पक्षों से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित करने तथा नियमों को जल्द अंतिम रूप देकर अधिसूचित करने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 10 सप्ताह बाद होगी, जिसमें कोर्ट ड्राफ्ट नियमों की प्रगति की जानकारी लेगा।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला फ्रंट ऑफ पैकेट वार्निंग लेबल (FOPL) लागू करने से जुड़ा है। ‘3S एंड आवर हेल्थ सोसाइटी’ नाम की संस्था ने याचिका दाखिल कर खाद्य पैकेटों पर नमक, चीनी और फैट की अधिक मात्रा को लेकर स्पष्ट चेतावनी देने की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट इससे पहले भी व्यवस्था लागू करने में देरी पर FSSAI को कड़ी फटकार लगा चुका है।












