नए साल की शुरुआत के साथ ही भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने अपने करोड़ों ग्राहकों को बड़ी राहत दी है। सरकारी टेलीकॉम कंपनी ने देशभर के सभी टेलीकॉम सर्किल में WiFi Calling (VoWiFi) सेवा की शुरुआत कर दी है। इस तकनीक के जरिए अब मोबाइल नेटवर्क कमजोर होने पर भी यूज़र्स बिना किसी परेशानी के कॉल कर और रिसीव कर सकेंगे।
कमजोर नेटवर्क वाले इलाकों में बड़ी राहत
BSNL की यह नई सुविधा खासतौर पर ग्रामीण, पहाड़ी और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले ग्राहकों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी। जहां मोबाइल टावर का सिग्नल अक्सर धोखा दे जाता है, वहां अब WiFi नेटवर्क के सहारे कॉलिंग संभव होगी। यदि घर या दफ्तर में BSNL भारत फाइबर या कोई भी ब्रॉडबैंड कनेक्शन है, तो नेटवर्क की चिंता लगभग खत्म हो जाएगी।
बिना ऐप, सीधे डायलर से कॉल
BSNL WiFi Calling की खास बात यह है कि इसके लिए किसी भी तरह का अलग ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं है। कॉलिंग सीधे मोबाइल के डिफॉल्ट डायलर से होती है और कॉल आपके मौजूदा मोबाइल नंबर से ही की जाती है। कॉल के दौरान अगर WiFi कमजोर होता है तो सिस्टम अपने आप मोबाइल नेटवर्क पर स्विच हो जाता है, जिससे कॉल ड्रॉप की समस्या नहीं आती।
कोई एक्स्ट्रा चार्ज नहीं
कंपनी ने साफ किया है कि WiFi Calling सेवा पूरी तरह मुफ्त है। इसके लिए ग्राहकों से कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। WiFi के जरिए की गई कॉल्स को सामान्य वॉयस कॉल की तरह ही आपके मौजूदा प्लान में शामिल किया जाएगा।
किन फोन में चलेगी यह सुविधा
यह सुविधा ज्यादातर नए स्मार्टफोन्स में उपलब्ध है। यूज़र्स को बस फोन की सेटिंग में जाकर WiFi Calling विकल्प को एक्टिवेट करना होगा। अगर फोन को लेकर कोई दिक्कत हो तो BSNL ने नजदीकी कस्टमर केयर या हेल्पलाइन से संपर्क करने की सलाह दी है।
BSNL के नेटवर्क अपग्रेड की बड़ी पहल
WiFi Calling की लॉन्चिंग BSNL के नेटवर्क आधुनिकीकरण अभियान का अहम हिस्सा है। इससे न सिर्फ ग्राहकों को बेहतर कॉलिंग अनुभव मिलेगा, बल्कि मोबाइल नेटवर्क पर बढ़ता दबाव भी कम होगा।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस

