उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भारी बारिश और बादल फटने के बाद हालात बेकाबू हो गए हैं। सोमवार देर रात से लगातार बारिश ने टोंस नदी और अन्य जलधाराओं को उफान पर ला दिया। प्रेमनगर और आसपास के इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित हुए।
NDRF ने किया बहादुरी भरा रेस्क्यू
प्रेमनगर के थारकुरपुर क्षेत्र में स्वर्णा नदी के बीच फंसे एक बच्चे को NDRF ने सुरक्षित बाहर निकाला। जवान ने रस्सी के सहारे बच्चे तक पहुंचकर उसे बाहर निकाला। नदी का जलस्तर बेहद ऊंचा होने के बावजूद इस साहसिक ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और लोग NDRF की जमकर सराहना कर रहे हैं।
ट्रैक्टर हादसे में 6 मजदूरों की मौत
इसी बीच, एक वीडियो में ट्रैक्टर नदी के बीच फंसा दिखा, जिस पर करीब 10 मजदूर सवार थे। अचानक तेज बहाव से ट्रैक्टर पलट गया और मजदूर बह गए। रिपोर्ट्स के अनुसार कम से कम 6 मजदूरों की मौत हो चुकी है। ये सभी खनन कार्य में लगे थे।
तबाही का आलम और बचाव कार्य
बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक लगभग 400 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। IT पार्क क्षेत्र जलमग्न है और सहस्रधारा में कई घर-दुकानें बह गई हैं। देहरादून-मालदेवता पुल ध्वस्त हो गया, जबकि 25 से अधिक जगहों पर सड़कें टूट गईं। SDRF, NDRF और पुलिस लगातार बचाव कार्य में जुटी हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने लिया हालात का जायजा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य की नदियां उफान पर हैं और प्रशासन अलर्ट मोड में है। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को स्थिति की जानकारी दी, जिन्होंने हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक और बारिश की चेतावनी जारी की है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


