हल्द्वानी। चीनी के लगातार बढ़ते दाम और महंगाई के विरोध में हल्द्वानी महानगर कांग्रेस कमेटी ने तिकोनिया चौराहे पर ‘महंगी चीनी, फीकी चाय’ कार्यक्रम आयोजित किया। हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आमजन और राहगीरों को बिना चीनी की चाय पिलाकर महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि फीकी चाय केवल प्रतीकात्मक प्रदर्शन नहीं, बल्कि उस आम आदमी की परेशानी को सामने लाने का प्रयास है, जिसकी रोजमर्रा की जरूरतों और त्योहारों की खुशियों पर बढ़ती महंगाई का असर पड़ रहा है।
महंगाई ने बिगाड़ा आम परिवारों का बजट
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि महंगाई ने अब आम आदमी की चाय की मिठास तक छीन ली है। चीनी के साथ खाद्य तेल और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन और जन्माष्टमी जैसे त्योहार सामने हैं। ऐसे में चीनी और तेल महंगा होने से मिठाइयों और अन्य खाद्य सामग्री की कीमतें भी बढ़ेंगी। इससे आम परिवारों के लिए त्योहार मनाना आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
सरकार से जमाखोरी और कालाबाजारी पर कार्रवाई की मांग
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा सरकार के शासन में महंगाई लगातार आम जनता की कमर तोड़ रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि देश में पर्याप्त चीनी स्टॉक उपलब्ध होने का दावा किया जा रहा है तो कीमतें लगातार क्यों बढ़ रही हैं। उन्होंने सरकार से जमाखोरी और कालाबाजारी पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण रखने की मांग की।
‘महंगी चीनी, फीकी चाय’ के लगाए नारे
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘महंगी चीनी, फीकी चाय’, ‘महंगाई पर लगाम लगाओ’ और ‘आम जनता को राहत दो’ जैसे नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब रोजमर्रा की जरूरतों के साथ त्योहारों की मिठास भी महंगाई की चपेट में आने लगे, तो सरकार को जनता की परेशानी पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। कार्यक्रम में सुमित हृदयेश, एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप






