अब तक महिलाओं के पास गर्भनिरोधक के कई विकल्प मौजूद थे, लेकिन पुरुषों के लिए सिर्फ कंडोम और नसबंदी जैसे सीमित विकल्प ही थे। कंडोम का बार-बार इस्तेमाल और नसबंदी का स्थायी प्रभाव, दोनों ही असुविधाजनक माने जाते हैं। ऐसे में वैज्ञानिकों द्वारा तैयार की जा रही YCT-529 नामक गोली पुरुषों के लिए एक क्रांतिकारी और अस्थायी विकल्प बन सकती है।
16 पुरुषों पर किया गया सफल परीक्षण
YCT-529 गोली का शुरुआती मानव परीक्षण 16 पुरुषों पर किया गया। इस जांच का उद्देश्य यह था कि गोली शरीर में सही मात्रा में पहुंचे और कोई गंभीर साइड इफेक्ट न हो। नतीजे सकारात्मक रहे—ना कोई हॉर्मोनल बदलाव और ना ही स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर देखा गया। अब यह दवा बड़े स्तर पर परीक्षण के लिए तैयार की जा रही है।
कैसे काम करती है YCT-529 गोली
यह गोली शरीर में मौजूद रेटिनॉइक एसिड रिसेप्टर अल्फा नामक प्रोटीन को टारगेट करती है, जो शुक्राणु निर्माण में अहम भूमिका निभाता है। यह रिसेप्टर एक ताले की तरह होता है, जिसे रेटिनॉइक एसिड नाम की चाबी सक्रिय करती है। YCT-529 गोली इस चाबी को बनने से रोकती है, जिससे शुक्राणु बनने की प्रक्रिया अस्थायी रूप से बंद हो जाती है।
फर्टिलिटी पर अस्थायी असर, हॉर्मोन सुरक्षित
इस दवा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पुरुषों के हार्मोन सिस्टम को प्रभावित नहीं करती। इसका कोई असर न मूड पर होता है, न यौन इच्छा पर और न ही वजन पर। गोली बंद करने के 4–6 हफ्तों में फर्टिलिटी सामान्य हो जाती है।YCT-529 गोली पुरुषों के लिए गर्भनिरोधक की दुनिया में नई क्रांति ला सकती है। सुरक्षित, असरदार और अस्थायी—यह गोली भविष्य में बर्थ कंट्रोल के तरीके को पूरी तरह बदल सकती है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस



