किचन में ताजी अदरक की खुशबू और स्वाद हर चाय और खाने का जायका बढ़ा देता है। ऐसे में अगर घर पर ही ऑर्गेनिक अदरक उग जाए तो यह न सिर्फ सेहत के लिए बेहतर है बल्कि बाजार पर निर्भरता भी कम हो जाती है। अच्छी बात यह है कि अदरक उगाने के लिए किसी खास तकनीक या महंगे बीज की जरूरत नहीं पड़ती। थोड़ी सी देखभाल के साथ आप इसे अपने किचन गार्डन, टैरेस या बालकनी में आसानी से उगा सकते हैं।
सही अदरक का चुनाव करना है जरूरी
अदरक लगाने के लिए बाजार से अलग से बीज खरीदने की जरूरत नहीं होती। आप घर में मौजूद ताजी और मोटी अदरक का इस्तेमाल कर सकते हैं। ध्यान रखें कि अदरक के टुकड़े में कम से कम दो या तीन उभार यानी ‘आंखें’ मौजूद हों। यही हिस्से बाद में अंकुरित होकर नए पौधे तैयार करते हैं।
लगाने से पहले अपनाएं यह आसान ट्रिक
अदरक को सीधे मिट्टी में लगाने के बजाय रातभर पानी में भिगोकर रखना फायदेमंद माना जाता है। इससे इसकी ऊपरी परत नरम हो जाती है और अंकुरण जल्दी शुरू होता है। अगले दिन यह मिट्टी में लगाने के लिए पूरी तरह तैयार हो जाती है।
गमला और मिट्टी कैसी होनी चाहिए?
अदरक जमीन के अंदर फैलकर बढ़ती है, इसलिए इसके लिए गहरा और चौड़ा गमला चुनना जरूरी है। कम से कम 12 इंच का ग्रो बैग या गमला बेहतर माना जाता है। मिट्टी तैयार करते समय सामान्य मिट्टी और गोबर की खाद या वर्मी कंपोस्ट को बराबर मात्रा में मिलाएं। पोषक तत्वों से भरपूर मिट्टी अदरक की ग्रोथ को तेज करने में मदद करती है।
लगाने का सही तरीका
अदरक के टुकड़े को मिट्टी में बहुत ज्यादा गहराई तक न दबाएं। इसे करीब 2 से 3 इंच नीचे रखें और ऊपर से हल्की मिट्टी डाल दें। इसके बाद हल्का पानी छिड़कें। गमले को ऐसी जगह रखें जहां तेज धूप सीधे न पड़े। हल्की या छनकर आने वाली धूप अदरक के पौधे के लिए ज्यादा फायदेमंद मानी जाती है।
सिंचाई में न करें यह गलती
अदरक की अच्छी ग्रोथ के लिए मिट्टी में नमी बनाए रखना जरूरी है, लेकिन गमले में पानी जमा नहीं होना चाहिए। ज्यादा पानी रुकने से अदरक सड़ सकती है। गर्मियों में रोज हल्की सिंचाई करें, जबकि सर्दियों में मिट्टी की नमी देखकर ही पानी दें। सही देखभाल के साथ अदरक को पूरी तरह तैयार होने में लगभग 8 से 10 महीने का समय लग सकता है।
कब करें अदरक की हार्वेस्टिंग?
जब पौधे की पत्तियां पीली पड़कर सूखने लगें तो समझ लें कि अदरक तैयार हो चुकी है। इसके बाद धीरे-धीरे मिट्टी हटाकर ताजी अदरक निकाल सकते हैं। घर में उगी अदरक का स्वाद और खुशबू बाजार में मिलने वाली अदरक से कहीं ज्यादा बेहतर होती है। यही वजह है कि अब लोग तेजी से होम गार्डनिंग की ओर रुख कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें



