गुरुकुल इंटरनेशनल स्कूल में क्रिसमस पर्व एवं वार्षिक खेल दिवस का आयोजन अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक श्री वी.बी. नैनवाल द्वारा ईसा मसीह के चित्र के समक्ष कैंडल प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
नाटिका और कैरल गीतों ने बांधा समां
विद्यार्थियों ने ईसा मसीह के जन्मोत्सव को सजीव नाटिका के माध्यम से प्रस्तुत किया। साथ ही कैरल गीतों की मधुर प्रस्तुति ने सभी को भावविभोर कर दिया। निदेशक श्री वी.बी. नैनवाल ने विद्यार्थियों और स्टाफ को क्रिसमस की शुभकामनाएँ देते हुए प्रेम, त्याग और शांति जैसे मानवीय मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।
वार्षिक खेल दिवस का शानदार आगाज़
इसके पश्चात वार्षिक खेल दिवस का आयोजन किया गया। निदेशक एवं प्रधानाचार्य का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण तब रहा जब खेल कप्तान घोड़े पर सवार होकर ध्वज के साथ मैदान में उतरे और खेलों का विधिवत शुभारंभ किया।
रोमांचक मुकाबलों में दिखी खेल भावना
सीनियर एवं जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों के बीच सदनानुसार 100 मीटर, 200 मीटर दौड़, गोला फेंक, 4×100 मीटर रिले, लंबी कूद, स्पून रेस और बोरा रेस जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। सीनियर बालक वर्ग की 100 मीटर दौड़ में नमन मेहरा प्रथम, रवि कुमार द्वितीय और करनजीत तृतीय स्थान पर रहे। वहीं बालिका वर्ग में अक्षरा खाती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
टैगोर सदन बना ओवरऑल चैंपियन
4×100 मीटर रिले में छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। टैगोर सदन ने कुल 9 स्वर्ण पदक जीतकर ओवरऑल विजेता का खिताब अपने नाम किया। अंत में निदेशक श्री वी.बी. नैनवाल एवं प्रशासनिक अधिकारी श्री मनीष नैनवाल ने विजेताओं को मेडल व प्रमाण पत्र प्रदान कर कार्यक्रम का समापन किया।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस



