जी हां, प्रभाष और कृति सेनन स्टारर आदिपुरुष के एक प्रमोशनल वीडियो पर मनोज मुंतशिर बुरी तरह ट्रोल हो रहे हैं। दरअसल इसमें उन्होंने रावण के अधर्मी होने के कुछ उदाहरण दिए हैं। मनोज ने बताया है कि कैसे रावण ने रिश्तों तक का मान नहीं रखा और अपनी बहू के साथ भी कुकर्म किया।
साथ ही यह भी बताया है कि रावण के चंगुल में होने के बाद भी सीता सुरक्षित कैसे रह पाईं। इस वीडियो पर लोगों का जबरदस्त रिऐक्शन देखने को मिल रहा है। कई लोगों ने लिखा है कि मनोज ने गलत जानकारी दी है। कुछ लोग उनके समर्थन में भी हैं।
अनेक स्त्रियों से दुष्कर्म
आदिपुरुष की इंट्रोडक्ट्री क्लिप कृति सेनन ने भी अपने अकाउंट पर शेयर की है। इसमें मनोज मुंतशिर बोलते हैं, कौन था रावण? वो जिसने अपने ही भाई कुबेर से लंका छीनकर खुद को लंकापति घोषित कर लिया। अधर्मी ऐसा कि अनेकों स्त्रियों के साथ दुष्कर्म किया। वेदवती एक सन्यांसिनी थी। पुंजकस्थला एक अप्सरा, रावण ने दोनों के साथ कुकर्म किया। यहां तक कि उसने रिश्तों की भी लाज नहीं रखी। अपनी ही बहू रंभा को उसने हवस का शिकार बनाया। और मां सीता को रावण ने हाथ क्यों नहीं लगाया?
मर्यादा नहीं मृत्यु का भय
क्या अचानक उसके अंदर सदाचार जाग उठा था? नहीं, उसे रंभा ने श्राप दिया था कि अब यदि वह किसी स्त्री को उसकी इच्छा के विरुद्ध छू भी लेगा तो उसका सिर टुकड़े-टुकड़े होकर बिखर जाएगा। जानकी को न छूने का कारण रावण की मर्यादा नहीं मृत्यु का भय था। मां सीता अशोकवाटिका में सिर्फ इसलिए सुरक्षित रहीं क्योंकि उन्होंने अपने सतीत्व से समझौता नही किया। अपनी आत्मा पर राम के सिवा किसी और की परछाईं तक नहीं पड़ने दी।
लोगों ने किया मनोज को ट्रोल
कमेंट सेक्शन में एक यूजर ने लिखा है, रावण सबसे बड़ा पंडित था न कि अधर्मी। मूवी के लिए कुछ भी मत बोलो। वैसे ही इतनी नफरत है लोगों में। एक ने लिखा है, गलत जानकारी मत दो रावण के बारे में। वह एक महाविद्वान ब्राह्मण थे। शिव तांडव स्तोत्र की रचना की थी। माता जानकी को हाथ तक नहीं लगाया। मनगढ़ंत बकवास मत करो।
एक और कमेंट है, ये बंदा इस वीडियो में बता रहा है, रावण ने अपनी ही बहू के साथ संबंध बनाए थे, ये थोड़ा गलत बताया है। उसने अपने सौतेले भाई कुबेर की बहू के साथ संबंध बनाए थे। एक यूजर ने मनोज की तारीफ की है कि उन्होंने कम से कम बोला कि रावण ने मौत के डर से सीता को हाथ नहीं लगाया।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


