UIDAI ने करोड़ों आधार कार्ड किए बंद, कहीं आपका आधार तो नहीं हुआ बंद? जी, हां भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने अब तक 1.17 करोड़ आधार नंबर डीएक्टिवेट कर दिए हैं। यह कार्रवाई उन लोगों के लिए की गई जिनकी मृत्यु हो चुकी है, ताकि उनके आधार नंबर का दुरुपयोग न हो सके।
UIDAI ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि मृतकों के रिकॉर्ड को दुरुस्त करने के लिए 24 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ‘Reporting of Death of a Family Member’ सेवा शुरू की गई है। इस सेवा के तहत परिवार का कोई सदस्य myAadhaar पोर्टल पर जाकर मृत व्यक्ति की जानकारी दर्ज कर सकता है।
1.55 करोड़ डेथ रिकॉर्ड में से 1.17 करोड़ नंबर किए गए निष्क्रिय
UIDAI ने बताया कि रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया (RGI) से सहयोग लेकर सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (CRS) के जरिए लगभग 1.55 करोड़ डेथ रिकॉर्ड जुटाए गए। इनकी पुष्टि के बाद करीब 1.17 करोड़ आधार नंबर डीएक्टिवेट किए जा चुके हैं। अभी करीब 6.7 लाख रिकॉर्ड की जांच जारी है।
कैसे करें मृत्यु की रिपोर्टिंग?
मृतक के परिवार को पोर्टल पर आधार नंबर, डेथ रजिस्ट्रेशन नंबर और रिश्ते का प्रमाण देना होगा। जानकारी की जांच के बाद आधार निष्क्रिय कर दिया जाएगा। UIDAI इस प्रक्रिया में राज्य सरकारों की मदद भी ले रहा है।
पायलट प्रोजेक्ट के तहत 100 साल से अधिक उम्र वालों के रिकॉर्ड भी राज्यों के साथ साझा किए जा रहे हैं ताकि उनकी जीवित स्थिति की पुष्टि की जा सके। UIDAI का यह कदम आधार डेटाबेस की सटीकता बनाए रखने और सरकारी सेवाओं के दुरुपयोग को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रहा है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
