देहरादून। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय (UOU) में कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहानी की अध्यक्षता में प्रवेश समिति की बैठक विश्वविद्यालय मुख्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी शैक्षणिक सत्र से संबंधित कई अहम विषयों पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रवेश प्रक्रिया की प्रगति, दस्तावेज सत्यापन और नामांकन से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत समीक्षा की गई।
जनवरी 2026 सत्र के लिए मिलेगी पुनः प्रवेश का अवसर
बैठक में निर्णय लिया गया कि जिन अभ्यर्थियों का DEBID तकनीकी कारणों से नहीं बन सका है, उन्हें जनवरी 2026 सत्र में प्रवेश का एक और अवसर दिया जाएगा। साथ ही, शुल्क वापसी से जुड़ी प्रक्रिया को UGC के नियमानुसार अपनाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इससे छात्रों को आर्थिक पारदर्शिता और राहत मिलेगी।
ऑनलाइन प्रवेश प्रणाली में सुधारों की सराहना
प्रवेश समिति ने विश्वविद्यालय द्वारा ऑनलाइन प्रवेश प्रणाली में किए गए सुधारों की सराहना की। इन सुधारों के माध्यम से अभ्यर्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया को और सरल, पारदर्शी और सुलभ बनाया गया है। समिति ने यह भी सुझाव दिया कि ऑनलाइन पोर्टल को और उपयोगकर्ता–अनुकूल बनाया जाए ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी बिना किसी कठिनाई के आवेदन कर सकें।
छात्रों के लिए सशक्त ऑनलाइन सहायता प्रणाली
जानकारी के अनुसार बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि विद्यार्थियों की सुविधा हेतु ऑनलाइन सहायता प्रणाली को और सशक्त किया जाएगा। साथ ही, सभी अध्ययन केंद्रों में मार्गदर्शन सामग्री और प्रवेश से संबंधित दिशा–निर्देश उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि छात्रों को प्रवेश प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति
बैठक में प्रवेश समिति के सभी सदस्य, विभिन्न विद्यालयों एवं शिक्षाशाखाओं के निदेशक, कुलसचिव, वित्त नियंत्रक, तथा प्रवेश अनुभाग के अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे। कुलपति ने सभी को विश्वविद्यालय की पारदर्शी और सुचारू प्रवेश व्यवस्था बनाए रखने के लिए सहयोग का आह्वान किया।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
