देहरादून, खबर संसार। देवस्थानम बोर्ड हटाना क्यों हुआ जरूरी, चुनाव जीतना है जरूरी जी, हां तीर्थपुरोहितों के लगातार विराेध और 4 दिसम्बर को मोदी की प्रस्तावित बड़ी सभा को ध्यान में रखते हुए आज धामी सरकार ने देवस्थानम बोर्ड को निरस्त करने के फैसला करना पड़ा।
बताते चले की बीते लम्बे समय से आंदोलनरत केदारनाथ तीर्थपुरोहितों ने मंगलवार को राहत की सांस ली है। देवस्थानम बोर्ड को निरस्त करने के फैसले को लेकर तीर्थपुरोहितों में खुशी है। तीर्थपुरोहितों ने कहा कि यह हमारे संघर्षो की जीत है। तीर्थपुरोहितों की एकजुटता के कारण सरकार को पीछे हटना पड़ा।
तीर्थपुरोहितों लम्बे समय से कर रहे थे विरोध
केदार सभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला ने कहा कि केदारनाथ सहित बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में तीर्थपुरोहित देवस्थानम बोर्ड का विरोध कर रहे थे। कई दौर की वार्ताओं के साथ ही केदारनाथ में वीआईपी और राज्य सरकार के मंत्री, विधायकों, पूर्व सीएम आदि का विरोध किया गया। इसी के चलते देर आए दुरुस्त आए। सरकार के फैसले का स्वागत किया जाना चाहिए।
इसे भी पढे-मुख्यमंत्री ने 15 एनसीसी कैडेटों, 6 ऐएनओ व 4 पीआई स्टाफ को किया सम्मानित
आचार्य संतोष त्रिवेदी ने कहा कि तीर्थपुरोहित, साधु-संतों एवं स्थानीय हक हकूकधारियों के सामने सरकार को आखिरकार झुकना ही पड़ा। अब शीघ्र ही सरकार को बदरी-केदार मंदिर समिति को पुन: क्रियान्वयन करने की कार्रवाई शुरू कर देनी चाहिए। सभी तीर्थपुरोहित मुख्यमंत्री धामी के इस फैसले का स्वागत कर रहे हैं। साथ ही बोर्ड भंग करने पर उनका आभार जता रहे हैं।
इधर, देवस्थानम बोर्ड के सदस्य रहे वरिष्ठ तीर्थपुरोहित श्रीनिवास पोस्ती ने कहा कि वह सरकार द्वारा देवस्थानम बोर्ड के सदस्य जरूर बनाए गए थे, किंतु वह तीर्थपुरोहितों की भावनाओं की अनदेखी नहीं होना देखना चाहते थे। लगातार सरकार से तीर्थपुरोहितों के हित में निर्णय लेने के लिए दबाव बनाते रहे।
अजय भट्ट ने सरकार के फैसले का किया स्वागत
देहरादून, खबर संसार। केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा जन भावनाओं का आदर करते हुए देवस्थानम बोर्ड को भंग करने के निर्णय का स्वागत किया है। केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने कहा है कि वह लगातार पंडा और पुजारियों से मिलते आ रहे थे।
उन्होंने पहले भी देवस्थानम बोर्ड के विरोध को देखते हुए पंडा पुजारी समाज से जल्द ही सुखद परिणाम आने का आश्वासन भी दिया था केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा देवस्थानम बोर्ड को भंग किए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि जल्द यह कैबिनेट में आकर पूर्ण रूप से समाप्त हो जाएगा।
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट समय-समय पर राज्य सरकार को जनता की जन भावनाओं को अवगत कराते आ रहे हैं। देवस्थानम बोर्ड को लेकर भी उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता की थी।


