यमन के हूती विद्रोहियों ने बीच समंदर दागीं मिसाइलें, डूबा जहाज, 3 की मौत जी, हां यमन के हूती विद्रोहियों ने 6 जुलाई को लाल सागर में लाइबेरियाई झंडे वाले यूनानी स्वामित्व के बल्क कैरियर मैजिक सीज पर भीषण हमला किया। ड्रोन, मिसाइल, रॉकेट-लॉन्चर और छोटे हथियारों से हुए इस हमले में जहाज आग की लपटों में घिर गया और धमाके के साथ दो हिस्सों में टूटकर समुद्र में समा गया।
वीडियो जारी कर ली जिम्मेदारी
हूतियों ने हमले का वीडियो भी साझा किया जिसमें जहाज पर जोरदार धमाके और आग लगते दिखे। उनका दावा है कि यह जहाज इजरायल पर उनकी नाकाबंदी तोड़ रहा था। इस हमले की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निंदा हो रही है।
3 नाविकों की मौत, कई घायल
यूरोपीय संघ के नौसैनिक मिशन ऑपरेशन एस्पाइड्स के मुताबिक हादसे में 3 नाविकों की जान चली गई और 2 घायल हुए, जिनमें एक का पैर कट गया। जहाज पर सवार 22 सदस्य समुद्र में कूदकर बचे और बाद में सुरक्षित निकाले गए। जहाज पर मौजूद सशस्त्र सुरक्षाकर्मियों ने जवाब देने की कोशिश की लेकिन नुकसान रोकना संभव नहीं हो सका।
वैश्विक व्यापार पर असर
यह हमला तब हुआ जब जहाज स्वेज नहर की ओर बढ़ रहा था। लाल सागर और स्वेज नहर के जरिए दुनिया का अहम समुद्री व्यापार होता है। हूतियों के बार-बार होने वाले हमलों से वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला बाधित हो रही है। हूतियों का कहना है कि ये हमले हमास के समर्थन में किए जा रहे हैं।
बढ़ती अंतरराष्ट्रीय चिंता
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच इस हमले ने समुद्री सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने संयम बरतने और हालात शांत करने की अपील की है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


