पिछले हफ्ते लॉन्च हुई एप्पल आईफोन 17 सीरीज को ग्राहकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। इस सीरीज में आईफोन 17, आईफोन 17 प्रो, आईफोन एयर और आईफोन 17 प्रो मैक्स शामिल हैं। भारत समेत कई इंटरनेशनल मार्केट्स में इन मॉडलों के प्री-ऑर्डर्स तेजी से हो रहे हैं। कंपनी ने घोषणा की है कि इन स्मार्टफोन्स की सेल 19 सितंबर से शुरू होगी।
शुरुआती वीकेंड पर रिकॉर्ड प्री-ऑर्डर्स
TF Securities International के एनालिस्ट मिंग-ची कुओ (Ming-Chi Kuo) के अनुसार, शुरुआती वीकेंड में आईफोन 17 सीरीज के प्री-ऑर्डर्स ने पिछले साल की आईफोन 16 सीरीज को पीछे छोड़ दिया है। कुओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया कि कंपनी को इस बार जबरदस्त डिमांड मिली है।
प्रोडक्शन बढ़ाने में जुटी एप्पल
बढ़ती डिमांड को देखते हुए एप्पल ने प्रोडक्शन को तेज कर दिया है। कुओ का कहना है कि कंपनी ने तीसरी तिमाही में आईफोन 17, आईफोन 17 प्रो और आईफोन 17 प्रो मैक्स के मैन्युफैक्चरिंग टारगेट को पिछले साल की तुलना में 25% बढ़ा दिया है। इससे यह साफ है कि एप्पल इस बार ज्यादा ग्राहकों तक नए मॉडल पहुंचाने की रणनीति पर काम कर रही है।
आईफोन एयर की डिमांड थोड़ी कमजोर
हालांकि, रिपोर्ट्स के अनुसार इस सीरीज का आईफोन एयर उतनी तेज रफ्तार से प्री-ऑर्डर्स हासिल नहीं कर पा रहा है। इसकी तुलना पिछले साल पेश किए गए आईफोन 16 प्लस से की जा रही है, जिसके मुकाबले डिमांड कम मानी जा रही है।
सबसे ज्यादा पॉपुलर बना आईफोन 17 प्रो मैक्स
नई सीरीज में सबसे ज्यादा डिमांड आईफोन 17 प्रो मैक्स के लिए देखने को मिल रही है। यह मॉडल ग्राहकों के बीच प्रीमियम फीचर्स और दमदार परफॉर्मेंस की वजह से चर्चा में है।
आईफोन 16 की अब तक की सफलता
ध्यान देने वाली बात यह है कि इस साल की दूसरी तिमाही में आईफोन 16 इंटरनेशनल मार्केट में सबसे ज्यादा बिकने वाला स्मार्टफोन रहा। यह लगातार दूसरी तिमाही थी जब आईफोन 16 ने सेल्स चार्ट में पहला स्थान हासिल किया। इसके बाद आईफोन 16 प्रो मैक्स और आईफोन 16 प्रो का नंबर आया।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस



