IPL 2026 के एक मुकाबले के दौरान लखनऊ के इकाना स्टेडियम में दर्शकों के बीच हिंसक झड़प देखने को मिली। मैच के बीच दो फैंस आपस में भिड़ गए और मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। यह घटना लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान हुई।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
स्टेडियम में मौजूद एक दर्शक ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति ने दूसरे को जमीन पर पटक दिया। इसके बाद भी विवाद थमा नहीं और दोनों फिर से भिड़ गए।
चप्पल से भी किया हमला, आसपास बैठे लोग घबराए
वायरल वीडियो में यह भी दिख रहा है कि झगड़े के दौरान एक शख्स ने चप्पल निकालकर दूसरे पर हमला कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख आसपास बैठे लोग दूर हटने लगे। वहीं एक दर्शक बीच-बचाव करते हुए सुरक्षा कर्मियों को बुलाने की कोशिश करता नजर आया।
मैच का हाल: राजस्थान ने दर्ज की बड़ी जीत
अगर मुकाबले की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159 रन बनाए। टीम की ओर से रवींद्र जडेजा ने नाबाद 43 रनों की अहम पारी खेली। पिच गेंदबाजों के अनुकूल थी, जिससे लक्ष्य चुनौतीपूर्ण बन गया।
जवाब में लखनऊ सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप रही और पूरी टीम 119 रन पर सिमट गई। आयुष बडोनी, ऋषभ पंत और एडन मार्क्रम बिना खाता खोले आउट हो गए। मिचेल मार्श ने 55 रनों की पारी खेली, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
गेंदबाजों का दबदबा, जडेजा बने प्लेयर ऑफ द मैच
राजस्थान की ओर से जोफ्रा आर्चर ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके। बृजेश शर्मा और नंद्रे बर्गर ने 2-2 विकेट लिए। रवींद्र जडेजा को उनकी शानदार बल्लेबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप



