पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे धीरे-धीरे स्पष्ट होने लगे हैं और शुरुआती रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) मजबूत बढ़त के साथ आगे दिखाई दे रही है। चुनाव आयोग के उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, दोपहर करीब 1:50 बजे तक बीजेपी 194 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी। वहीं, तृणमूल कांग्रेस (TMC) काफी पीछे नजर आ रही है। इसी बीच राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है, जिसमें उन्होंने मतगणना प्रक्रिया को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ममता बनर्जी का आरोप: जहां जीत रहे, वहां धीमी गिनती
ममता बनर्जी ने रुझानों में भाजपा की बढ़त पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अंतिम परिणाम आने तक स्थिति पूरी तरह साफ नहीं होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन क्षेत्रों में तृणमूल कांग्रेस को बढ़त मिल रही है, वहां मतगणना जानबूझकर धीमी की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बलों के जरिए उनके कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अंतिम वोट की गिनती तक डटे रहें। ममता ने भरोसा जताया कि अंततः उनकी पार्टी ही जीत दर्ज करेगी।
रुझानों में BJP का दबदबा
चुनावी रुझानों के अनुसार भाजपा स्पष्ट रूप से बढ़त बनाए हुए है और 194 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं तृणमूल कांग्रेस करीब 92 सीटों पर बढ़त के साथ दूसरे स्थान पर है। उत्तर बंगाल के कई अहम निर्वाचन क्षेत्रों—मेखलीगंज, माथाभांगा, कूचबिहार उत्तर, कूचबिहार दक्षिण, सीतलकुची, सिताई, दिनहाटा, नाटाबाड़ी, तुफानगंज, कुमारग्राम, कालचीनी, अलीपुरद्वार, फालाकाटा, मदारीहाट, धुपगुड़ी, मयनागुड़ी, जलपाईगुड़ी और राजगंज—में भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है।
भवानीपुर सीट पर ममता की बढ़त
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सीट भवानीपुर पर भी दिलचस्प मुकाबला देखने को मिला। शुरुआती रुझानों में भाजपा ने कड़ी टक्कर दी, लेकिन बाद में स्थिति बदलती नजर आई। दोपहर 1:50 बजे तक ममता बनर्जी को 38,328 वोट मिल चुके थे, जबकि भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी को 24,486 वोट मिले। इस तरह ममता करीब 13,842 वोटों की बढ़त के साथ आगे चल रही थीं।
बंगाल चुनाव 2026 के रुझान फिलहाल भाजपा के पक्ष में जाते दिख रहे हैं, लेकिन तृणमूल कांग्रेस इस परिणाम को चुनौती देती नजर आ रही है। ममता बनर्जी के आरोपों के बीच अंतिम नतीजों का इंतजार और भी अहम हो गया है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें



