प्रधानमंत्री Narendra Modi ने शनिवार को असम में आयोजित एक जनसभा में कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में पूर्वोत्तर क्षेत्र की उपेक्षा की और उसे विकास की मुख्यधारा से दूर रखा। मोदी ने कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार के लिए पूर्वोत्तर ‘अष्टलक्ष्मी’ के समान है और इसके सर्वांगीण विकास के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
बजट के बाद पहली पूर्वोत्तर यात्रा
प्रधानमंत्री ने बताया कि संसद में केंद्रीय बजट पेश होने के बाद यह उनकी पहली पूर्वोत्तर यात्रा है। उन्होंने कहा कि सरकार का फोकस इस क्षेत्र को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने पर है। असम में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए तेजी से काम हो रहा है, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है।
इंफ्रास्ट्रक्चर पर खास जोर
मोदी ने कहा कि पहले पूर्वोत्तर का नाम आते ही खराब सड़कों और कमजोर कनेक्टिविटी की तस्वीर सामने आती थी। लेकिन अब यहां ऐसे राजमार्ग बन रहे हैं जहां जरूरत पड़ने पर विमान भी उतर सकते हैं। उन्होंने इसे असम और पूर्वोत्तर की बदलती सोच और प्रगति का प्रतीक बताया।
संगठन और राष्ट्रवाद पर जोर
प्रधानमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान पार्टी कार्यकर्ता होना है। उन्होंने कहा कि पार्टी की उपलब्धियों का श्रेय जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने ‘भारत माता की जय’ के नारे के साथ संगठन की एकजुटता पर जोर दिया।
पुलवामा के शहीदों को श्रद्धांजलि
मोदी ने पुलवामा आतंकी हमले की बरसी पर शहीद सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हमले के बाद भारत ने आतंकवादियों को कड़ा जवाब दिया, जिसे पूरी दुनिया ने देखा। असम में इस वर्ष के पहले छह महीनों में चुनाव प्रस्तावित हैं, ऐसे में प्रधानमंत्री का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है।
इसे भी पढे: देहरादून में फिर से एक बड़ा हादसा होने से टला, लड़की को आई करछी से चोट
हमारे फेबुकपेज से जुडने के लिए क्लिक करें

