आलू भारतीय रसोई का ऐसा जरूरी हिस्सा है, जिसका इस्तेमाल लगभग हर घर में रोजाना किसी न किसी रूप में किया जाता है। लेकिन प्रेशर कुकर में आलू उबालते समय सही सीटी की जानकारी न होने के कारण कई बार आलू कच्चे रह जाते हैं या जरूरत से ज्यादा गल जाते हैं। आइए जानते हैं आलू उबालने का सही तरीका।
मध्यम आकार के आलू के लिए कितनी सीटी पर्याप्त है?
यदि आप मध्यम आकार के आलू उबाल रहे हैं, तो प्रेशर कुकर में 2 सीटी आमतौर पर पर्याप्त रहती हैं। इससे आलू अच्छी तरह पक जाते हैं और उनका आकार भी बना रहता है। गैस बंद करने के बाद कुकर का प्रेशर अपने आप निकलने दें। इसके बाद ढक्कन खोलकर चाकू या कांटे से आलू की जांच करें। अगर चाकू आसानी से अंदर चला जाए, तो समझिए आलू पूरी तरह पक चुके हैं।
बड़े और छोटे आलू उबालने का सही तरीका
यदि आलू बड़े आकार के हैं, तो उन्हें पकने में थोड़ा अधिक समय लगता है। ऐसे में 3 सीटी लगाना बेहतर माना जाता है। वहीं, छोटे आकार के या पहले से कटे हुए आलू कई बार 1 से 2 सीटी में ही अच्छी तरह पक जाते हैं। इसलिए सीटी की संख्या तय करते समय आलू के आकार का ध्यान जरूर रखें।
किन बातों का रखें विशेष ध्यान?
आलू उबालने से पहले कुकर में इतना पानी डालें कि सभी आलू पूरी तरह पानी में डूब जाएं। चाहें तो स्वाद बढ़ाने के लिए एक चुटकी नमक भी मिला सकते हैं। इसके बाद कुकर का ढक्कन अच्छी तरह बंद करें और मध्यम आंच पर पकाएं। बहुत तेज आंच पर पकाने से कई बार आलू बाहर से ज्यादा और अंदर से कम पकते हैं।
आलू पकने के बाद उन्हें कुछ मिनट तक ठंडा होने दें। इसके बाद ठंडे पानी में डालने से उनका छिलका आसानी से उतर जाता है। इससे पराठा, चाट, सैंडविच, सब्जी या अन्य किसी भी डिश में उनका इस्तेमाल करना आसान हो जाता है।
माइक्रोवेव में भी उबाल सकते हैं आलू
यदि आपके पास प्रेशर कुकर उपलब्ध नहीं है, तो माइक्रोवेव भी एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इसके लिए आलू को टुकड़ों में काटकर माइक्रोवेव-सेफ बाउल में रखें, उसमें पानी डालें और लगभग 5 मिनट तक पकाएं। इसके बाद चाकू से जांच करें। यदि जरूरत लगे, तो 2 से 3 मिनट और पकाया जा सकता है।
आलू खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान
आलू खरीदते समय ऐसे आलू चुनें जिनका छिलका चिकना हो, जिनमें अंकुर न निकले हों और जो सिकुड़े हुए न दिखाई दें। इन्हें हमेशा ठंडी और सूखी जगह पर रखें। आलू को फ्रिज में रखने से उसके स्वाद और बनावट पर असर पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें

