पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में सेना के काफिले पर सुसाइड हमला, 13 मरे जी, हां पाकिस्तान में आतंकवाद एक बार फिर से सिर उठा रहा है। शनिवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के उत्तर-पश्चिमी जिले नॉर्थ वजीरिस्तान में एक आत्मघाती हमले ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस हमले में पाकिस्तान सेना के कम से कम 13 जवान शहीद हो गए, जबकि 10 गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सेना के काफिले पर किया गया आत्मघाती हमला
जानकारी के अनुसार, यह हमला उस वक्त हुआ जब सेना का काफिला अफगानिस्तान की सीमा से लगे नॉर्थ वजीरिस्तान जिले से गुजर रहा था। एक आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से लदी गाड़ी को सैन्य काफिले से टकरा दिया, जिससे जोरदार धमाका हुआ और चारों ओर अफरा-तफरी मच गई।
हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली
हालांकि, अभी तक किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियों का शक तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और उसके सहयोगी गुटों पर है। सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और घायलों को सैन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स में पाकिस्तान दूसरे स्थान पर
ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2025 की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान अब आतंकवाद से प्रभावित देशों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। 2023 में जहां आतंकी हमलों में 748 मौतें हुई थीं, वहीं 2024 में यह संख्या 1,081 तक पहुंच गई। खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान जैसे क्षेत्र लगातार चरमपंथी हमलों का शिकार हो रहे हैं।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


