पूरी दुनिया में आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। दुनियाभर से जो तस्वीरें सामने आ रही हैं वह दर्शा रही हैं कि स्वास्थ्य के प्रति सचेत हुई दुनिया ने योगाभ्यास के जरिये भारत की इस प्राचीन पद्धति के प्रति अपना विश्वास भी जताया।
international yoga day के अवसर पर प्रधानमंत्री ने एक वीडियो संदेश में कहा कि भारतीयों ने हमेशा नये विचारों का स्वागत किया है, उन्हें संरक्षण दिया है और देश की समृद्ध विविधता का जश्न मनाया है। उन्होंने कहा, “योग के विस्तार का अर्थ है ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ की भावना का विस्तार। इसलिए इस वर्ष भारत की अध्यक्षता में हो रहे जी-20 सम्मेलन का विषय भी एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य है।”
वहीं, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के राष्ट्रीय समारोह का नेतृत्व किया। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देशवासियों और विश्व समुदाय से विश्व एकता के प्रतीक योग को अपनाने का आह्वान किया। वहीं लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला संसद भवन परिसर में आयोजित समारोह में शामिल हुए, जबकि केंद्रीय मंत्रियों ने विभिन्न शहरों में योगाभ्यास किया।
गडकरी ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लोगों बधाई दी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने international yoga day के अवसर पर लोगों बधाई दी और कहा कि योग को पूरे विश्व में मान्यता मिली है। अपने गृह नगर नागपुर (महाराष्ट्र) में योग दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में गडकरी ने लोगों को संबोधित किया। गडकरी ने कहा, ‘‘योग को पूरे विश्व में मान्यता मिली है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस न सिर्फ भारत में, बल्कि दुनिया के कई हिस्सों में बड़े स्तर पर मनाया जाता है।’’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘international yoga day’ के अवसर पर कहा कि यह भारत के लिए गर्व की बात है कि विश्व हमारी संस्कृति को स्वीकार रहा है और उसे अपना भी रहा है। राजनाथ ने कोच्चि में भारत के पहले स्वदेश निर्मित विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत पर सवार नौसेना कर्मियों के साथ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘यह भारत के लिए गर्व की बात है कि आज विश्वभर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है और यह दिखाता है कि हमारी समृद्ध संस्कृति व विरासत को वैश्विक स्तर पर स्वीकार किया जा रहा है और अपनाया भी जा रहा है।’’
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


