मुस्ताफिजुर रहमान को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सिर्फ क्रिकेट मैदान तक सीमित नहीं रहा। यह मामला इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ-साथ भारत-बांग्लादेश रिश्तों को भी प्रभावित करता दिख रहा है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने ICC से मांग की है कि T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत में होने वाले उसके मैच श्रीलंका शिफ्ट किए जाएं, क्योंकि टीम भारत में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही।
ICC की चुप्पी ने बढ़ाया सस्पेंस
अब तक इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ICC चेयरमैन जय शाह ने शेड्यूल पर दोबारा विचार के संकेत दिए हैं। हालांकि, जब तक लिखित फैसला नहीं आता, यह साफ नहीं है कि BCB की मांग मानी जाएगी या नहीं। जल्द ही ICC, BCCI और BCB के बीच अहम बैठक होने की संभावना है।
BCCI के अधिकार कितने मजबूत?
भारत और श्रीलंका संयुक्त रूप से T20 वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी कर रहे हैं। भारत में होने वाले मैचों की सिक्योरिटी, स्टेडियम, टिकटिंग, होटल और ट्रैवल की पूरी जिम्मेदारी BCCI पर है। ऐसे में ऐन मौके पर मैच शिफ्ट करने से रेवेन्यू और लॉजिस्टिक्स पर बड़ा असर पड़ेगा। इसी आधार पर BCCI शेड्यूल बदलने का विरोध कर सकता है।
भारत सरकार की भूमिका क्यों अहम?
यह मामला अब कूटनीतिक स्तर तक पहुंच चुका है। बांग्लादेश पहले ही IPL 2026 के टेलीकास्ट पर रोक लगा चुका है। ऐसे में वर्ल्ड कप से जुड़ा कोई भी फैसला भारत सरकार की सहमति के बिना संभव नहीं। हाल ही में विदेश मंत्री एस. जयशंकर के बांग्लादेश दौरे से रिश्तों में नरमी आई थी, ऐसे में सरकार संतुलित रुख अपना सकती है।
क्या ICC बांग्लादेश पर एक्शन ले सकता है?
क्रिकेट इतिहास गवाह है कि सुरक्षा कारणों से मैच न खेलने पर टीमों को नुकसान उठाना पड़ा है। 1996, 2003 और 2016 के वर्ल्ड कप उदाहरण मौजूद हैं। अगर बांग्लादेश खेलने से इनकार करता है, तो अंक कटौती या कड़ी कार्रवाई संभव है, हालांकि फैसला आसान नहीं होगा।
बाकी टीमों की परेशानी भी बड़ी चुनौती
अगर मैच श्रीलंका शिफ्ट होते हैं, तो ग्रुप की बाकी टीमों को भारत-श्रीलंका के बीच बार-बार सफर करना पड़ेगा। इससे टाइट शेड्यूल और थकान बड़ी समस्या बन सकती है, जिस पर अन्य टीमें भी आपत्ति जता सकती हैं। BCB की मांग मानना ICC के लिए आसान नहीं है। इसमें BCCI, भारत सरकार, दूसरी टीमें और करोड़ों फैंस सभी के हित जुड़े हैं। आने वाले दिन तय करेंगे कि वर्ल्ड कप का शेड्यूल बदलेगा या विवाद और गहराएगा।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस



