लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर उस समय तीखा निशाना साधा, जब इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के साथ उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। इस वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी का पैकेट देते नजर आ रहे हैं।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए देश की आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री विदेश दौरे के दौरान मिठाइयाँ बांटने और वीडियो बनाने में व्यस्त हैं।
‘यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी’ : राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में लिखा कि किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे कारोबारी परेशान हैं, जबकि प्रधानमंत्री हंसते हुए रील बना रहे हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं पर भी तंज कसते हुए कहा कि पार्टी के लोग इस पर तालियां बजा रहे हैं। कांग्रेस नेता ने इसे गंभीर नेतृत्व के बजाय “नौटंकी” करार दिया।
मेलोनी ने शेयर किया वीडियो
दरअसल, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया था। वीडियो में वह कहती दिखाई दे रही हैं कि प्रधानमंत्री मोदी उनके लिए ‘मेलोडी’ टॉफी लेकर आए हैं। इसके साथ उन्होंने लिखा, “उपहार के लिए धन्यवाद।”
वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी भी नजर आते हैं और मेलोनी की बात सुनकर मुस्कुराते दिखाई देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल media पर इसे लेकर काफी चर्चा शुरू हो गई।
कैसे शुरू हुआ ‘मेलोडी’ हैशटैग?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जियोर्जिया मेलोनी के नामों को मिलाकर बना ‘मेलोडी’ हैशटैग पहली बार साल 2023 में चर्चा में आया था। दुबई में आयोजित COP-28 सम्मेलन के दौरान मेलोनी ने पीएम मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए ‘Melodi’ हैशटैग का इस्तेमाल किया था। इसके बाद दोनों नेताओं की मुलाकातों और तस्वीरों को लेकर सोशल मीडिया पर यह हैशटैग लगातार ट्रेंड करता रहा।
पांच देशों के दौरे पर हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 से 20 मई तक पांच देशों की यात्रा पर हैं। इस दौरे के अंतिम चरण में वह मंगलवार को इटली की राजधानी रोम पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी, इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के निमंत्रण पर वहां पहुंचे हैं। दोनों नेताओं के बीच व्यापार, रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और टेक्नोलॉजी समेत कई अहम मुद्दों पर द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
भारत-इटली संबंधों पर भी फोकस
प्रधानमंत्री मोदी और जियोर्जिया मेलोनी की मुलाकात को भारत और इटली के संबंधों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच आर्थिक और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इसे भी पढ़े-महाराष्ट्र संकट पर बड़ा फैसला, अब 5 जजों की संविधान पीठ करेगी सुनवाई
हमारे फेसबुक पेज से जुड़ने के लिए


