अगर आप किचन गार्डनिंग का शौक रखते हैं लेकिन आपके पास ज्यादा जगह नहीं है, तो गमले में बेल वाली सब्जियां उगाना एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। खासकर लिमा बीन्स (सेम की फली) ऐसी फसल है जिसे आप आसानी से अपनी बालकनी या छत पर उगा सकते हैं। सही देखभाल के साथ यह पौधा भरपूर उत्पादन देता है और घर पर ताजी, केमिकल-फ्री सब्जी का आनंद मिलता है।
यह फसल गर्म मौसम में तेजी से बढ़ती है, इसलिए मार्च से अप्रैल के बीच इसकी बुवाई करना सबसे उपयुक्त माना जाता है। ध्यान रखें कि बीज बोने के समय मिट्टी का तापमान हल्का गर्म होना चाहिए।
गमले में बुवाई कैसे करें?
लिमा बीन्स उगाने के लिए सही गमला और मिट्टी बेहद जरूरी है। शुरुआत करने के लिए इन आसान स्टेप्स को अपनाएं:
- 12×12 से 24×24 इंच का गमला लें, जिसमें ड्रेनेज के कम से कम 3 छेद हों
- मिट्टी का मिश्रण तैयार करें: 50% सामान्य मिट्टी, 30% गोबर खाद और 20% रेत या कोकोपीट
- बीज को करीब 1 इंच गहराई में बोएं
- पौधों के बीच 4-6 इंच की दूरी रखें
- गमले को ऐसी जगह रखें जहां रोजाना कम से कम 6 घंटे धूप आती हो
पौधों की देखभाल के जरूरी टिप्स
अच्छी ग्रोथ और ज्यादा पैदावार के लिए पौधों की सही देखभाल जरूरी है:
- हफ्ते में लगभग 1 इंच पानी दें, लेकिन फूल आने पर हल्की रोजाना सिंचाई करें
- गर्मी में मिट्टी की नमी बनाए रखने के लिए सूखी घास या पत्तों से मल्चिंग करें
- कीटों से बचाव के लिए नीम तेल और साबुन के घोल का छिड़काव करें
- प्याज और लहसुन जैसे पौधों से इसे थोड़ा दूर रखें
ज्यादा पैदावार के आसान नुस्खे
अगर आप चाहते हैं कि पौधे ज्यादा फलियां दें, तो समय पर हार्वेस्टिंग करना जरूरी है:
- जब फलियां मोटी दिखें लेकिन मुलायम हों, तभी तोड़ लें
- नियमित तुड़ाई करने से नए फूल और फलियां तेजी से आती हैं
- झाड़ी वाली किस्म 60-80 दिन में और बेल वाली किस्म लगभग 90 दिन में तैयार हो जाती है
क्यों उगाएं लिमा बीन्स?
लिमा बीन्स न सिर्फ उगाने में आसान है, बल्कि पोषण से भरपूर भी होती है। घर पर उगाई गई सब्जियां केमिकल-फ्री होती हैं, जो सेहत के लिए बेहतर मानी जाती हैं।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप




