आज बैंक केवाईसी हो या सरकारी योजना, मोबाइल सिम हो या किसी ऐप का वेरिफिकेशन — हर जगह सबसे पहले आधार नंबर मांगा जाता है। धीरे-धीरे आधार सिर्फ पहचान नहीं, बल्कि आपकी डिजिटल चाबी बन चुका है। लेकिन सवाल ये है कि क्या आपको पता है आपका आधार कहां-कहां इस्तेमाल हो रहा है?
आधार की जानकारी गलत हाथों में गई तो बढ़ सकता है खतरा
अगर आपको इसका अंदाजा नहीं है, तो यह लापरवाही भारी पड़ सकती है। आधार की जानकारी गलत हाथों में पहुंचने पर आपके नाम पर ऐसे वेरिफिकेशन या ट्रांजैक्शन हो सकते हैं, जिनकी भनक तक आपको न लगे। इसी खतरे को देखते हुए UIDAI ने यूजर्स को एक बेहद जरूरी फीचर दिया है।
क्या है Aadhaar Authentication History फीचर?
UIDAI की वेबसाइट पर मौजूद Aadhaar Authentication History फीचर बिल्कुल मोबाइल कॉल हिस्ट्री की तरह काम करता है। इसमें आप देख सकते हैं कि पिछले कुछ महीनों में आपका आधार कब, किस तारीख को और किस तरह के वेरिफिकेशन के लिए इस्तेमाल हुआ। इसमें बैंक, सरकारी विभाग और दूसरी सेवाओं से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड दिखता है।
Aadhaar Authentication History कैसे चेक करें?
- UIDAI की ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं
- Aadhaar Authentication History ऑप्शन पर क्लिक करें
- अपना 12 अंकों का आधार नंबर और सिक्योरिटी कोड डालें
- Send OTP पर क्लिक करें
- रजिस्टर्ड मोबाइल पर आए OTP को दर्ज करें
- स्क्रीन पर पूरी हिस्ट्री खुल जाएगी
अगर कोई गलत एंट्री दिखे तो तुरंत क्या करें?
अगर हिस्ट्री में कोई ऐसा रिकॉर्ड दिखता है जो आपने नहीं किया, तो यह खतरे की घंटी है। ऐसे में देरी न करें। तुरंत UIDAI के 1947 टोल-फ्री नंबर पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं। आप help@uidai.gov.in पर ईमेल या UIDAI वेबसाइट पर ऑनलाइन कंप्लेंट भी कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर बायोमेट्रिक लॉक कर आधार को सुरक्षित किया जा सकता है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस

