काठगोदाम। इंस्पिरेशन पब्लिक स्कूल, काठगोदाम में शुक्रवार को पारंपरिक पर्व हरेला के उपलक्ष्य में बीज रोपण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिसर हरियाली और पर्यावरण संरक्षण के नारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य श्री अनुराग माथुर, उपप्रधानाचार्या श्रीमती ममता तनेजा और कोऑर्डिनेटर श्रीमती प्रियंका शर्मा ने दीप प्रज्वलन कर की। हरेला पर्व, उत्तराखंड की लोकपरंपरा का अहम हिस्सा है, जो प्रकृति प्रेम और हरियाली को समर्पित है।
बच्चों ने सीखी बीज बोने की प्रक्रिया
विद्यालय की प्री-प्राइमरी विंग की शिक्षिकाओं ने बच्चों को हरेला पर्व के महत्व के बारे में बताया। साथ ही, बीज बोने की विधि, पौधों की देखभाल और पर्यावरण की सुरक्षा से जुड़े सुझाव दिए।
बच्चों ने अपनी-अपनी कक्षाओं के अनुसार गमलों, थैलियों और क्यारियों में गेहूं, मक्का, मूंग, तिल और धनिया के बीज रोपे। “वृक्ष लगाओ, जीवन बचाओ”, “हरा है तो भरा है” जैसे नारे लगाकर छात्रों ने उत्साह दिखाया।
पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता का संदेश
प्रधानाचार्य श्री माथुर ने अपने संबोधन में बच्चों से अपील की कि वे अपने लगाए पौधों की नियमित देखभाल करें और प्रकृति के संरक्षण में योगदान दें। बच्चों ने भी संकल्प लिया कि वे आने वाले समय में हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण की रक्षा के लिए हमेशा प्रयासरत रहेंगे।
विद्यालय परिवार और बच्चों ने इस आयोजन की सराहना की और इसे यादगार अनुभव बताया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और जागरूकता पैदा करना था।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
