केंद्रीय मंत्रिमंडल ने दिवाली और छठ पूजा से पहले रेलवे कर्मचारियों को खुशी की खबर दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली बैठक में 10.91 लाख से अधिक कर्मचारियों को 78 दिनों का बोनस देने का ऐलान किया गया। इसके लिए केंद्र सरकार ने 1,865.68 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। सरकार ने कहा कि बोनस का भुगतान दिवाली से पहले कर दिया जाएगा।
किन कर्मचारियों को मिलेगा बोनस?
इस बोनस का लाभ रेलवे के ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, पॉइंट्समैन और मंत्रालय के अन्य ग्रुप कर्मचारियों को मिलेगा। यह बोनस कर्मचारियों के उत्साह और सेवा की गुणवत्ता बढ़ाने में मदद करेगा।
बिहार में रेलवे डबल लेन परियोजना को मंजूरी
मोदी कैबिनेट ने बिहार के बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया रेलवे खंड में डबल लेन को मंजूरी दी है। इस परियोजना पर 2,192 करोड़ रुपये खर्च होंगे। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, “सिंगल लाइन की क्षमता सीमित थी, अब डबल लाइन से सेवा और बढ़ेगी।” डबल लेन परियोजना 104 किलोमीटर लंबी होगी और चार जिलों—गया, नवादा, नालंदा और भोजपुर—को जोड़ती है। यह राजगीर के शांति स्तूप, पावापुरी और नालंदा जैसे पर्यटन स्थलों की कनेक्टिविटी बढ़ाएगी।
बिहार में सड़क और हाइब्रिड मोड़ परियोजना
सरकार ने NH-139W के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड में हाइब्रिड एन्युइटी मोड़ पर निर्माण को भी मंजूरी दी। इसकी लंबाई 78.942 किलोमीटर और लागत 3,822.31 करोड़ रुपये होगी।
शिपबिल्डिंग और मरीन सेक्टर में 69,725 करोड़ का पैकेज
शिपबिल्डिंग और मरीन सेक्टर की क्षमता बढ़ाने के लिए 69,725 करोड़ रुपये के पैकेज को मंजूरी मिली। इसमें फाइनेशियल अस्सिटेंस, डेवलपमेंट फंड, शिपबिल्डिंग डेवलपमेंट स्कीम और लीगल/पॉलिसी सुधार शामिल हैं।
मेडिकल छात्रों को भी तोहफा
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 5,000 नई पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल सीट और 5,023 नई MBBS सीटों को मंजूरी दी। इससे मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में छात्रों के अवसर बढ़ेंगे और स्वास्थ्य सेवा बेहतर होगी।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
