भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के समर्थन में बड़ा बयान दिया है। उन्होंने भारतीय टीम प्रबंधन से आग्रह किया है कि आयरलैंड के खिलाफ आगामी दो मैचों की टी20 सीरीज में 15 वर्षीय खिलाड़ी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण का अवसर दिया जाए।
गावस्कर का मानना है कि वैभव ने घरेलू और फ्रेंचाइजी क्रिकेट में जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसके बाद उन्हें राष्ट्रीय टीम की प्लेइंग इलेवन में जगह मिलनी चाहिए। उन्होंने हेड कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट को रोटेशन नीति अपनाने की सलाह भी दी है।
सबसे कम उम्र में टीम इंडिया तक पहुंचने का रिकॉर्ड
हाल ही में भारतीय टीम की घोषणा के साथ ही वैभव सूर्यवंशी ने एक नया इतिहास रच दिया। वह सीनियर भारतीय टीम में चयनित होने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। चयनकर्ताओं ने उन्हें आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन का इनाम दिया है।
वैभव ने पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए लगभग 237 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। उनके दमदार प्रदर्शन के चलते उन्हें ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ का सम्मान भी मिला। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि इस प्रदर्शन के बाद राष्ट्रीय टीम में उनका चयन लगभग तय माना जा रहा था।
शानदार फॉर्म के चलते चयन को बताया स्वाभाविक
सुनील गावस्कर ने कहा कि वैभव का चयन किसी के लिए भी हैरानी की बात नहीं होनी चाहिए। उनके अनुसार युवा बल्लेबाज ने जिस निरंतरता और आक्रामकता के साथ रन बनाए, उसके बाद चयनकर्ताओं के पास उन्हें टीम में शामिल करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं था। गावस्कर ने कहा कि अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उचित अवसर मिलना चाहिए और चयनकर्ताओं ने इसी सोच के तहत यह फैसला लिया है।
संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को आराम देने का सुझाव
पूर्व भारतीय कप्तान का मानना है कि आयरलैंड के खिलाफ छोटी टी20 सीरीज युवा खिलाड़ियों को परखने के लिए बेहतरीन मंच साबित हो सकती है। उन्होंने सुझाव दिया कि टीम मैनेजमेंट एक मैच में अभिषेक शर्मा और दूसरे मुकाबले में संजू सैमसन को आराम देकर वैभव सूर्यवंशी को ओपनिंग का मौका दे सकता है। गावस्कर के अनुसार इससे टीम को भविष्य के लिए एक प्रतिभाशाली बल्लेबाज को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परखने का अवसर मिलेगा, जबकि नियमित खिलाड़ियों को भी आवश्यक आराम मिल सकेगा।
टीम मैनेजमेंट के सामने बड़ा फैसला
अब सभी की निगाहें भारतीय टीम प्रबंधन और कोच गौतम गंभीर पर टिकी हैं। क्रिकेट प्रशंसक भी यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि क्या वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड दौरे पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिलेगा। यदि ऐसा होता है, तो यह युवा बल्लेबाज के करियर का सबसे बड़ा पड़ाव साबित हो सकता है।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस
