ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद मोहम्मद आमिर एक बार फिर सुर्खियों में हैं। लोगों के मन में सवाल है कि क्या वह अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपना नाम देंगे। आमिर फिलहाल ‘द हंड्रेड’ लीग में घरेलू क्रिकेटर के तौर पर खेल रहे हैं। इससे पहले वह इस लीग में विदेशी खिलाड़ी के रूप में हिस्सा लेते थे। ब्रिटिश नागरिकता से जुड़ी सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद वह अब IPL नीलामी के लिए पंजीकरण कराने के योग्य हो गए हैं। पाकिस्तान के खिलाड़ियों पर IPL में खेलने का प्रतिबंध है, हालांकि पाकिस्तानी मूल के कुछ खिलाड़ी पहले इस लीग में खेल चुके हैं।
आमिर ने IPL और PSL को लेकर क्या कहा?
रोचक बात यह है कि मोहम्मद आमिर अब पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में विदेशी खिलाड़ी के रूप में खेलेंगे, जबकि ‘द हंड्रेड’ में वह स्थानीय खिलाड़ी के रूप में खेल रहे हैं। वह कई बार सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि IPL दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग है। हाल ही में जब उनसे पूछा गया कि क्या वह IPL में खेलने की योजना बना रहे हैं, तो उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता फिलहाल PSL है और उन्होंने अभी IPL में खेलने के बारे में नहीं सोचा है।
‘द हंड्रेड’ लीग के दौरान मोहम्मद आमिर ने कहा, “2027 में मैं पाकिस्तान सुपर लीग में विदेशी प्लेयर के तौर पर खेलूंगा। इंडियन प्रीमियर लीग की बात है तो मुझे अभी पता नहीं है कि मैं उसमें खेलूंगा या नहीं।”
अजहर महमूद का उदाहरण भी आया सामने
ब्रिटिश नागरिकता मिलने के बाद अजहर महमूद भी IPL में खेल चुके हैं। उन्होंने पाकिस्तान की नागरिकता छोड़कर ब्रिटिश नागरिकता ली थी और 2012 से 2015 तक IPL का हिस्सा रहे। इस दौरान वह पंजाब किंग्स और बाद में कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेले थे।
IPL में पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर प्रतिबंध की वजह
इंडियन प्रीमियर लीग के पहले संस्करण में शाहिद अफरीदी, शोएब अख्तर और शोएब मलिक जैसे कई पाकिस्तानी खिलाड़ी शामिल हुए थे। हालांकि, 2008 में मुंबई आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के राजनीतिक संबंध बिगड़ गए। इसके बाद BCCI ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों के IPL में खेलने पर प्रतिबंध लगा दिया।
यह भी पढ़ें- Anushka ने प्यूमा पर लगाया बिना परमिशन फोटो इस्तेमाल करने का आरोप
हमारे फ़ैज़ी वेबसाइट से जुड़ने के लिए क्लिक करें
