प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जापान से 31 अगस्त को चीन के तियानजिन पहुंचे, जहां उनका रेड कार्पेट पर स्वागत हुआ। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गर्मजोशी से मुलाकात की। SCO समिट के फोटो सेशन में मोदी पहली कतार में खड़े नजर आए, जहां पुतिन, शी जिनपिंग और तुर्किए के राष्ट्रपति एर्दोगन भी मौजूद थे।
पुतिन संग खास रिश्ता, जिनपिंग संग बेहतर तालमेल
समिट के दौरान पीएम मोदी, पुतिन और शी जिनपिंग के बीच शानदार ट्यूनिंग देखने को मिली। पुतिन ने मोदी को गले लगाया और साथ में बातचीत करते नजर आए। एक तस्वीर में मोदी और पुतिन एक ही कार में बैठे दिखाई दिए। जानकारी के अनुसार, पुतिन ने मोदी के साथ जाने के लिए 10 मिनट तक इंतजार भी किया।
पाकिस्तान को आतंकवाद पर घेरा
SCO समिट में मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र करते हुए पाकिस्तान पर कड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा, “आतंकवाद मानवता के खिलाफ अपराध है। डबल स्टैंडर्ड स्वीकार नहीं होगा। सभी देशों को एकजुट होकर आतंकवाद का हर रूप खत्म करना होगा।”
भारत-रूस रिश्तों पर जोर, चीन को दिया संदेश
पुतिन संग द्विपक्षीय वार्ता में मोदी ने कहा कि भारत-रूस का रिश्ता वैश्विक शांति और स्थिरता के लिए महत्वपूर्ण है। पुतिन ने पीएम मोदी को “दोस्त” कहकर संबोधित किया और दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने पर जोर दिया। मोदी ने दिसंबर में होने वाले शिखर सम्मेलन के लिए पुतिन को भारत आने का न्योता दिया।
SCO डिक्लेरेशन में आतंकी हमले की निंदा
घोषणापत्र में पहलगाम हमले की निंदा की गई और दोषियों को सजा दिलाने की बात कही गई। समिट के बाद मोदी ने कहा कि भारत ने वैश्विक मुद्दों पर अपना रुख स्पष्ट किया और यह यात्रा सफल रही।
इसे भी पढ़े- पवन खेड़ा की कोर्ट में होगी पेशी, ट्रांजिट रिमांड पर असम ले जाएगी पुलिस


